बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

गर्भवती महिला की मौत : जिला अस्पताल में भिड़े दोनों पक्ष, जमकर चले लात-घूंसे, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

बैतूल। एक गर्भवती महिला की मौत के बाद मंगलवार को बैतूल जिला अस्पताल परिसर में दो पक्ष आपस में भिड़ पड़े। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों पक्षों को शांत कराया। मृत महिला के मायके पक्ष ने हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। साथ ही पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक झल्लार गांव में करीब चार साल  पहले मृतक महिला सरिता (24) की शादी सागर पिता विनायक महाले से हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के दो महीनों बाद से ही ससुराल पक्ष ने पैसे की मांग करते हुए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। इसी बीच मायके पक्ष तीन-चार बार अपनी बेटी को ससुराल से मायके ले गया। मामला शांत होने के बाद सरिता अपने ससुराल चली जाती थी। इसी दौरान सरिता को एक बेटा हुआ। उसके बाद दोबारा से 4 माह की गर्भवती थी।

सरिता के भाई संदीप दांवडे ने बताया कि उसकी बहन को ससुराल वाले लगातार परेशान कर रहे थे। पैसे लेकर आने के लिए अभी पिछले 4 दिनों से बहुत ज्यादा परेशान कर रहे थे। पूरी दोपहर गर्मी में काम करवाते थे। उसे खाना भी नहीं दिया जा रहा था। जब सरिता यह बात मायके पक्ष को बताती थी तो उसका देवर मोबाइल फेंक देता था और झगड़ा करता था। महिला का पति सागर नहीं चाहता था कि अभी दूसरा बच्चा हो। वह अपनी पत्नी को चार माह के गर्भ का गर्भपात कराने के लिए प्रताड़ित भी करता था। मारपीट की घटना का देखें वीडियो…👇

मृतिका के भाई ने बताया कि 30 मई को उसकी बहन के साथ ससुराल वालों ने मारपीट की। यही नहीं पानी के टांके में सिर डूबकर मार डाला। इस घटना के बाद झल्लार के सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया। वहां से बैतूल में एक निजी अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। मायके पक्ष का यह आरोप भी है कि इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी मायके पक्ष को किसी प्रकार की सूचना नहीं दी गई थी।

बहरहाल, इन सबके चलते मायके पक्ष खासा रोष में था। मंगलवार को महिला को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया गया। इसी दौरान महिला के ससुराल पक्ष और मायके पक्ष के बीच जमकर मारपीट हो गई। बताया जाता है कि जब पीएम हो रहा था, तब मृतिका का ससुर हंस रहा था। उसे हंसते हुए देख कर मायके पक्ष ने आपा खो दिया। इधर महिला के पति का कहना है कि रात को चक्कर आने के कारण सरिता गिर गई थी। इससे उसकी मौत हुई है।

घटना के बाद मायके पक्ष के लोगों ने एसपी आफिस पंहुचकर दहेज के लोभी परिवार के ऊपर कड़ी कार्यवाही करने की मांग की है। मायके पक्ष ने मृतक महिला के पति सागर पिता विनायक महाले, ससुर विनायक महाले, सास चंद्रकला महाले, देवर तरुण महाले झल्लार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

एडिशनल एसपी नीरज सोनी का इस मामले में कहना है कि भैंसदेही एसडीओपी को जांच के आदेश दे दिए गए है। मर्ग जांच की जा रही है। पूरे तथ्य सामने आने के बाद नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button