बालाजीपुरम में भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार, यहां करें दिव्य रूप के दर्शन
◾उत्तम मालवीय, बैतूल
भारत के पांचवें धाम श्री बालाजीपुरम में हर साल की तरह इस साल भी महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया। यहां सुबह 9 बजे से पूजन आरंभ हो गया था। दोपहर को सहस्रधारा अभिषेक हुआ तो हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पडे। दोपहर बाद विशेष श्रृंगार हुआ। इस दौरान उनके दिव्य स्वरूप के दर्शन करने के लिए भक्त उमड़ पड़े। इसके अलावा यहां नौका विहार भी चलता रहा। दिन भर भंडारे का कार्यक्रम चला। जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी पाई। चार पहर का पूजन-अभिषेक भी आरंभ हुआ। महाशिवरात्रि पर चारों पहर के पूजन का महत्व है। रात 8 बजे, 11 बजे, मध्य रात्रि डेढ़ बजे और बुधवार को अलसुबह 4 बजे ये चारों पहर का पूजन होगा।
जिले भर के शिवालयों में उमड़ पड़े श्रद्धालु

इधर मंगलवार को जिले भर के शिवालयों में श्रद्धालुओं का जैसे सैलाब ही उमड़ पड़ा। शिवालय हर-हर महादेव, बम भोले और शिव शंभू के जयकारों से गूंज उठे। दो साल बाद लगे मेलों में बड़ी तादाद में श्रद्धालु मेले में पहुंचे। श्रद्धालुओं में खासा उत्साह इस बार देखा गया। इधर मंदिरों में भी सुबह से ही अभिषेक और पूजन करने श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

कोरोना के कहर के कारण पिछले 2 सालों से महाशिवरात्रि पर मेलों का आयोजन नहीं हो पा रहा था। इस बार कोरोना का प्रकोप खत्म जैसा होने के कारण मेले लगाने की अनुमति शासन-प्रशासन ने दी है। यही कारण है कि जिले भर में आज मेले लगे हैं। भोपाली, सालबर्डी, भैंसदेही, सोनाघाटी, खेड़ला किला, जटाशंकर, गुफा मंदिर सहित अन्य सभी शिवधामों पर मेले लगे हैं।
सभी शिवधामों अलसुबह से ही पूजा-अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लग गया था। पूरे दिन यहां श्रद्धालुओं की आवाजाही चलती रही। कोई बाइक से, कोई कार से, कोई बस से तो कोई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से मेले में पहुंच रहे थे। श्रद्धालु बड़े उत्साह के साथ मेलों में पहुंच रहे थे। बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने मेलों का लुत्फ भी उठाया।
एसपी ने लिया शिवधामों में व्यवस्था का जायजा
मेलों में व्यवस्थाएं बनाने के लिए कलेक्टर अमनबीरसिंह बैंस ने पहले ही सभी प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी थी। इसके चलते मेला स्थलों पर प्रशासनिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस कर्मी भी बड़ी संख्या में मेलों में मौजूद रहे। एसपी सिमाला प्रसाद ने विभिन्न शिवधामों का जायजा लिया।
शिव मंदिरों में भी दिन भर चलता रहा पूजन-अर्चन
इधर जिला मुख्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर स्थित शिव मंदिरों में भी पूरे दिन श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर पूजा-अर्चना की। यही नहीं लोगों ने बड़ी संख्या में अपने-अपने घरों में भी भोलेनाथ के अभिषेक के कार्यक्रम आयोजित किए। नीलकंठेश्वर शिव मंदिर में भी भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया।



