Leopard trapped between two trees: दो पेड़ों के बीच फंस गया था तेंदुआ, एसटीआर की टीम ने किया रेस्क्यू, सुरक्षित निकाल कर भेजा वन विहार

▪️ उत्तम मालवीय, बैतूल
बैतूल जिले के दक्षिण वन मंडल की आमला परिक्षेत्र के अंतर्गत एक तेंदुआ दो पेड़ों के बीच फंस गया (Leopard got stuck between two trees) था। इसकी सूचना मिलते ही वन अमला मुस्तैद हुआ और सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (एसटीआर) की टीम को सूचना दी गई। एसटीआर टीम ने मौके पर पहुंच कर तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू किया। उसे वन विहार भोपाल भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह 8 बजे वन चौकी मोवाड़ स्टाफ को गश्ती करते हुए बीट के कक्ष क्रमांक 499 में एक तेन्दुआ दो वृक्षों के बीच में फंसा हुआ दिखा। जिसकी सूचना कर्मचारियों द्वारा वनमंडलाधिकारी दक्षिण बैतूल (सा.) वनमंडल, उप वनमंडलाधिकारी आमला (सा.) तथा परिक्षेत्र अधिकारी आमला (सा.) को दी गई। देखें पेड़ में फंसे तेंदुए का वीडियो….
सूचना के आधार पर वनमंडलाधिकारी द्वारा सतपुड़ा टाईगर रिजर्व (Satpura Tiger Reserve) होशंगाबाद की रेस्क्यू टीम को तत्काल सूचना दी गई। रेस्क्यू टीम द्वारा बीट में पहुंचकर वनमंडलाधिकारी, उप वनमंडलाधिकारी, परिक्षेत्र अधिकारी एवं स्टाफ की उपस्थिति में रेस्क्यू किया गया। देखें पिंजरे में कैद तेंदुए का वीडियो…
टीम के डॉ. गुरूदत्त शर्मा एवं उनकी रेस्क्यू टीम द्वारा तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। पेड़ में फंसे इस नर तेन्दुआ की उम्र लगभग एक से डेढ़ वर्ष है। इसे रेस्क्यू वाहन में सुरक्षित रखवाकर वन विहार भोपाल (Van Vihar Bhopal) के लिये परिक्षेत्र अधिकारी एवं उनके स्टाफ के साथ रवाना किया है।



