Betul Crime News: शराब ठेकेदार पर अज्ञात बदमाशों ने की फायरिंग, क्षेत्र में सनसनी; इधर शराब दुकान को लेकर जताया विरोध
Betul Crime News: Unknown miscreants firing on liquor contractor, sensation in the area; Here protest was expressed regarding the liquor shop

Betul Crime News: बैतूल शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बीती रात एक युवा शराब ठेकेदार पर बीती रात दो अज्ञात बदमाशों ने गोली चला दी। शराब ठेकेदार के सीने के पास एक गोली लगी है। घायल शराब ठेकेदार को जिला अस्पताल के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना गौठाना क्षेत्र में स्थित ग्रीन वैली कॉलोनी की है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शराब ठेकेदार ईशान जायसवाल बुधवार रात करीब 12 बजे अपने घर जा रहे थे। इसी बीच उन पर फायर हुआ है। पुलिस को दिए बयान में ईशान जायसवाल ने बताया कि रात 12 बजे वे बाइक से अपने घर गौठाना की ग्रीन वैली कॉलोनी जा रहे थे। रास्ते में दो अज्ञात युवक खड़े थे। उनमें से एक ने अचानक फायर कर दिए। दो फायर किए गए, जिसमें एक गोली दाहिने हाथ की ओर सीने के पास लगी है। घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों ने उनकी हालत स्थिर बताई है। पुलिस के द्वारा जांच शुरू कर दी गई है। ईशान जायसवाल के द्वारा हाल ही में बैतूल के गंज ग्रुप की शराब दुकानों का ठेका लिया गया है।

स्थिति जानने पुलिस अधीक्षक पहुंची अस्पताल, पीड़ित से की चर्चा
शराब कारोबारी ईशान जायसवाल को गोली लगने की सूचना मिलने पर घायल की स्थिति जानने पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद राठी अस्पताल पहुंची। अस्पताल में भर्ती ईशान जायसवाल से उन्होंने चर्चा कर घटना की जानकारी ली। ईशान ने उन्हें बताया कि वह रात्रि में गंज स्थित शराब दुकान बंद करके अपनी स्कूटी से घर के लिये अकेले जा रहा था। कमानी गेट के आगे ग्रीन वैली के पास दो अज्ञात लोगों द्वारा फायर किया गया। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण भी किया जाकर थाना प्रभारी को सीसीटीवी फुटेज निकलवाने हेतु निर्देशित किया गया।

टैगोर वार्ड में शराब दुकान खोलने का विरोध (Betul Crime News)
इधर बैतूल के टैगोर वार्ड में शराब की दुकान का ठेका निरस्त किये जाने के लिए बुधवार को जयस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर को ज्ञापन प्रेषित कर शीघ्र कार्यवाही करने की मांग की। जयस जिला अध्यक्ष संदीप कुमार धुर्वे के नेतृत्व में सौंपे ज्ञापन में जयस कार्यकर्ताओं ने कहा कि बैतूल नगर पालिका क्षेत्र के टैगोर वार्ड में गंज समूह शराब ठेके की दुकान आदिवासी मंगल भवन के बाजू में खोली जाना प्रस्तावित है। इस दुकान को लेकर हर स्तर पर अभी से विरोध हो रहा है तथा उक्त प्रस्तावित दुकान न्यायालयीन नियम विरूद्ध भी है।
ज्ञापन में बताया गया है कि यह एक रिहायशी इलाका है। आस पास शैक्षणिक और धार्मिक स्थान है। इसके ठीक बाजू में पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास भी है। इस छात्रावास में घुसकर पूर्व में कुछ शराबियों, असामाजिक तत्वों ने एक छात्र की हत्या भी कर दी थी, जिसके कारण भी यहां पर शराब की दुकान संचालित होने से हमेशा जान माल का खतरा बना रहेगा। यहां पर आदिवासी समाज के साथ-साथ व्यापारी एवं टैगोर वार्ड के अन्य लोग भी निवास करते हैं। जिस ठेकेदार द्वारा यहाँ शराब दुकान खोलने की तैयारी है वह आपको लेकर किस-किस तरह के दावें करता है। इसलिए समय रहते सही फैसला लें, बाद में यह ना कहे कि मेरी जानकारी में नहीं था। ज्ञापन सौंपने वालों में जयस जिला उपाध्यक्ष रितिक बाबा परते, जयस जिला महामंत्री सोनू पांसे, जयस जिला आईटी सेल रामदीन इवने शामिल हैं।



