बड़ी राहत : बैतूल-भोपाल हाइवे पर सुखतवा में बने अस्थाई रपटे से शुरू हुआ यातायात, निकल रहे छोटे वाहन, नहीं लगाना होगा लंबा फेरा
• नवील वर्मा, शाहपुर
बैतूल-भोपाल नेशनल हाइवे पर सुखतवा में टूटे पुल की जगह बनाए गए अस्थाई रपटे से सोमवार रात से यातायात शुरू हो गया है। हालांकि इससे केवल छोटे वाहन निकाले जा रहे हैं। यह रपटा शुरू हो जाने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। उन्हें अब लंबा फेरा नहीं का पड़ रहा है। दो दिन पहले सुखतवा का पुल ढह जाने के बाद से हाइवे से यातायात ठप पड़ा था।
नीचे दी गई लिंक पर क्लिक कर देखें रात को शुरू हुए यातायात का वीडियो…
https://youtube.com/shorts/mFG6jw7JFG8?feature=share
पुल ढहने के बाद से ही सुखतवा में अस्थाई मार्ग तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया गया था। दो दिनों तक लगातार चले काम के बाद सोमवार रात को वहां पर अस्थाई रपटा तैयार कर लिया गया है। इस रपटे से रात 8.30 बजे से वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई।
बताया जाता है कि इस रपटे से केवल छोटे वाहनों की आवाजाही हो पा रही है। बड़े वाहन इससे नहीं निकाले जा रहे हैं। यह रपटा शुरू होने से अब छोटे वाहनों को हरदा-टिमरनी होकर भोपाल नहीं जाना होगा। वे सीधे इस रपटे से निकल सकेंगे।
दूसरी ओर टूटे हुए पुल की जगह दूसरा पुल बनाने का काम भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है। बताया जाता है कि नया पुल सेना की इंजीनियरिंग टीम द्वारा बनाया जाएगा। इसके लिए कल सेना के अधिकारी भी मौका मुआयना कर चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले यह पुल उस समय ढह गया था जब हैदराबाद से इटारसी जा रहा एक विशालकाय ट्राला इस पर से गुजर रहा था। 138 पहियों वाले इस भारी भरकम ट्राले का वजन यह पुल सहन नहीं कर पाया था और वह ढह गया था। इसके बाद से इस हाइवे से यातायात ठप पड़ा था। वाहनों को हरदा-टिमरनी होकर आवाजाही करनी पड़ रही थी। इससे करीब 100 किलोमीटर का अतिरिक्त फेरा काटना पड़ रहा था।



