बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट

बैतूल में किसानों का अनूठा प्रदर्शन, कटोरा लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे बीमा राशि मांगने; धरना भी दिया, एक बार और मिला आश्वासन

• उत्तम मालवीय, बैतूल
प्रदेश भर के किसानों को भले ही बीमा राशि कब की मिल चुकी है, लेकिन जिले के करीब 20 हजार किसान आज भी इससे वंचित हैं। इसके चलते आए दिन उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। इसी तारतम्य में गुरुवार को भी किसानों ने जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। लेकिन इस बार अनूठे अंदाज में उन्होंने प्रदर्शन किया। इस बार किसान कटोरा लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और धरना दिया।

आज प्रभातपट्टन और भैंसदेही ब्लॉक के किसानों ने धरना प्रदर्शन किया। किसानों को कृषि विभाग के अधिकारियों ने जल्द बीमा राशि दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान वापस लौटे। प्रभात पट्टन ब्लॉक के किसान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. विजय देशमुख के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने रैली निकालकर कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया।

किसानों ने बताया कि बैंकों की गलती की वजह से उन्हें सजा मिल रही है। उन्हें प्रीमियम कटने के बाद भी बीमा राशि नहीं मिल पा रही है। किसानों ने ज्ञापन में बताया कि विगत दिनों मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के किसानों को 2020 का बीमा वितरित किया। परंतु हमारे पटवारी हल्का 44, 45 तथा जिले के लगभग 30 पटवारी हल्को का बीमा बैंको कि गलतियों की वजह से पोर्टल पर नहीं चढ़ने से नहीं मिला। जबकि हम सब किसानों का प्रीमियम कटा है।

उन्होंने बताया कि इसके पूर्व 15 फरवरी को एसडीएम को ज्ञापन के माध्यम से सूचित किया। कार्यवाही नहीं होने पर पुन: 2 मार्च को तिवरखेड़ के किसानों एवं महिलाओं ने 25 किलोमीटर की पदयात्रा करके मुलताई में बीमा की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

इसके बावजूद आज तक सिवाय आश्वासन के कुछ नहीं मिला। बीमा नहीं मिलने से किसान समय पर कर्ज चुकाने में असमर्थ हो रहे हैं। किसानों ने जल्द बीमा राशि दिलाने की मांग की है। ज्ञापन देते समय कृष्णा कुंभारे, गजानन बारस्कर, नारायण देशमुख, लीलाधर देशमुख, सुरेश बरडे सहित आधा सैकड़ा किसान मौजूद थे।

भैंसदेही ब्लॉक के किसानों के भी यही हाल

इसी तरह भैंसदेही ब्लॉक के ग्राम जमन्या, कुंभी, भादूगांव, गंगाजीढाना के किसानों ने भी कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देकर खरीब एवं रबी की फसलों की बीमा राशि की मांग की। किसानों ने ज्ञापन में बताया कि उनकी भूमि ग्राम जमन्या, कुम्भी, भादूगांव, गंगामीढाना में स्थित है, जिसका पटवारी हलका नंबर 47 है। हमारे द्वारा खरीब एवं रबी की फसल उगाई जाती है। हमें सन 2017-18, 2018-19, 2019-20 की फसल बीमा राशि प्रदान नहीं की गई है। जबकि हम सभी द्वारा केसीसी क्रेडिट कार्ड बनाकर बीमा राशि खाते से कटाई जाती है।

प्रायवेट बैंकों में भी बीमा किया जाता है। हमें फसल खराब होने पर मुआवजा राशि तो प्रदान की गई थी, किंतु बीमा राशि प्रदान नहीं की गई है। जिसके कारण हमें बीमा योजना का लाभ प्राप्त नहीं हुआ हैं। किसानों ने बीमा की जांच कर किसानों को बीमा राशि प्रदान किये जाने की मांग की है।

एंट्री के लिए पोर्टल 10 दिनों के लिए खुला था। इस बीच सर्वर डाउन होने जैसी समस्या भी आती रही। इसके चलते कुछ किसानों की एंट्री नहीं हो पाई जिससे बीमा राशि नहीं मिली है। अब दोबारा पोर्टल खुलवाकर एंट्री करवा दी है। आगे की प्रक्रिया चल रही है। कुछ समय बाद बीमा राशि उपलब्ध हो जाएगी।

आरएस राजपूत

सहायक संचालक (कृषि), बैतूल

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button