teacher missing from school : जिपं सदस्य के औचक निरीक्षण में स्कूल से नदारद थे शिक्षक और शिक्षिका, बीईओ ने थमाए कारण बताओ नोटिस
▪️ निखिल सोनी, आठनेर
The condition of the schools is also bad : जिले के ग्रामीण अंचलों में स्कूलों के हाल भी बेहाल हैं। एक तो वैसे ही स्कूलों में शिक्षकों की कमी है। वहीं जितने शिक्षक पदस्थ हैं, वे भी मनमर्जी से नौकरी कर रहे हैं। कुछ जहां कई-कई दिन स्कूल जाते ही नहीं, वहीं कुछ मनमर्जी से जब इच्छा हो तब स्कूल चले जाते हैं और जब इच्छा हो तब लौट आते हैं। यही कारण है कि स्कूलों में शिक्षा का स्तर बेहद दयनीय बना हुआ है।
गुरुवार को जब जिला पंचायत सदस्य अर्चना कृष्णा गायकी जब एक स्कूल में पहुंची तो वहां न तो शिक्षक थे और न ही शिक्षिका। शिक्षकों के रवैये पर सख्त नाराजगी जताते हुए श्रीमती गायकी ने इस बारे में अधिकारियों को अवगत कराया और कार्यवाही की निर्देश दिए। इस पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) आरपी गिहारे ने गैरहाजिर शिक्षक और शिक्षिका को कारण बताओ नोटिस (show cause notices) जारी किया है। इनसे 3 दिनों में जवाब तलब किया गया है।
आठनेर के जिला पंचायत क्षेत्र वार्ड नंबर 20 की जिला पंचायत सदस्य अर्चना गायकी गुरुवार को ग्राम ऐनखेडा और खापा में आभार यात्रा लेकर पहुंची थीं। इसी दौरान ग्रामीणों ने उनसे शिक्षकों की लापरवाह कार्यशैली को लेकर शिकायत की थी। ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षक आए दिन स्कूल से नदारद रहते हैं। इससे बच्चों की शिक्षा पर खासा असर पड़ रहा है। इस पर श्रीमती गायकी ने एकीकृत प्राथमिक-माध्यमिक शाला (Integrated Primary-Secondary School) का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने भी पाया कि सहायक शिक्षक ओमकार नरवरे और प्राथमिक शिक्षक कंचनलता साहू गैरहाजिर हैं। इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने शिक्षा विभाग के जिला और ब्लॉक के अधिकारियों से चर्चा कर मामले की जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए थे। साथ ही ग्रामीणों को आश्वस्त किया था कि बच्चों के भविष्य के संबंध में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इधर जिला पंचायत सदस्य के निरीक्षण में शिक्षकों के गैरहाजिर पाए जाने के मामले में बीईओ श्री गिहारे ने इन दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। जारी नोटिस में कहा गया है कि 25 अगस्त 2022 को एकीकृत माध्यमिक शाला/प्राथमिक शाला ऐनखेड़ा का जिला पंचायत सदस्य अर्चना गायकी द्वारा आकास्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आप संस्था में अनुपस्थित पाये गये।
जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गायकी द्वारा मुझे दूरभाष पर अवगत कराया गया कि एकीकृत माध्यमिक शाला प्राथमिक शाला ऐनखेड़ा में शिक्षक/शिक्षिकाएं बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के अनुपस्थित हंै। आप बिना आवेदन पत्र दिये अनाधिकृत रूप से किस कारण से अनुपस्थित थे। संस्था में अध्यनरत छात्र/छात्राओं का शैक्षणिक स्तर अत्यंत ही कमजोर है। आपके द्वारा शैक्षणिक कार्य के प्रति लापरवाही बरती जा रही है।
अपका उक्त कृत्य मप्र सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम (3) के विपरीत होकर कदाचरण की श्रेणी में आता है। उक्त कृत्य के लिये क्यों न आपके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएं। इस सम्बंध में आप अपना स्पष्टीकरण 3 दिवस के भीतर कार्यालय को प्रेषित करें। अन्यथा आपके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही हेतु वरिष्ठ कार्यालय को प्रस्ताव प्रेषित किया जाएगा।



