आग ही आग: सेहरा में 4 एकड़ फसल खाक, शाहपुर में फिर भभक उठा जंगल, बुझाते हुए खत्म हुआ दमकल का पानी
गर्मी शुरू होते ही एक बार फिर आग का तांडव देखने को मिल रहा है। गुरुवार को बैतूल क्षेत्र के सेहरा में किसानों के खेत में लगी आग से 4 एकड़ की फसल खाक हो गई। वहीं शाहपुर क्षेत्र में भी एक बार फिर जंगल भभक गए। यहां आग बुझाने पहुंची फायर ब्रिगेड का पानी खत्म हो गया। ऐसे में दोबारा पानी भरकर दमकल पहुंची।

जानकारी के मुताबिक बैतूल के सेहरा गांव में किशन हरोडे, दिनेश सोलंकी, धनराज खाकरे और चंदू चौरे के खेतों में आज आग लग गई। ग्रामीणों के अनुसार बिजली के तार बेहद नीचे से गए हैं। इसी के चलते स्पार्किंग से आए दिन आग लगने की घटनाएं हो रही हैं। बार-बार निवेदन के बावजूद कोई सुधार नहीं किया जा रहा है।
आग लगने से करीब 4 एकड़ खेत की फसल खाक हो गई। इससे किसानों की महीनों की पूरी मेहनत पर चंद पलों में पानी फिर गया। आग पर सभी किसानों ने मिलकर जैसे तैसे काबू पाया। अन्यथा सैकड़ों एकड़ फसल खाक हो जाती।

इधर शाहपुर नगर के पतौवापुरा के दैय्यत बाबा मंदिर के पीछे पहाड़ पर भी जंगल में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। नगर परिषद के कर्मचारी सुनील साहू ने बताया लगभग 12 बजे एसडीएम अनिल सोनी के द्वारा सूचना मिली की तहसील के सामने दैय्यत बाबा मंदिर के पीछे पहाड़ों में आग लगी हुई है।
इस पर मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। गनीमत रही कि आग से जानमाल की कोई हानि नहीं हुई। आग लगातार जंगल की तरफ बढ़ रही थी और फायर बिग्रेड में पानी कम पड़ गया था। इस पर दोबारा फायर ब्रिगेड में पानी भर कर लेकर आना पड़ा। जंगल में चारों ओर आग बढ़ रही थी। इसे फायर बिग्रेड की टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।



