बैतूल अपडेट

Artificial Insemination Programme: राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम में पिछड़े ब्लॉकों पर सख्त कलेक्टर, चेतावनी नोटिस के निर्देश

Artificial Insemination Programme: बैतूल। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने शनिवार को पशुपालन विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि सघन पशु टीकाकरण अभियान के अंतर्गत कोई भी ग्राम न छूटे तथा सभी पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि विभाग द्वारा आगामी कार्यक्रमों- आधारभूत सर्वेक्षण, पशुपालक जागरूकता शिविर, सघन बधियाकरण अभियान, किसान संगोष्ठी, वृंदावन योजना सहित अन्य गतिविधियों- की तैयारियां गंभीरतापूर्वक की जाएं। उन्होंने चलित पशु चिकित्सा इकाई के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

चलित पशु चिकित्सा इकाई के प्रति जागरूकता नहीं

कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी चलित पशु चिकित्सा इकाई के प्रति पर्याप्त जागरूकता नहीं है। पशुपालन विभाग का अमला ग्रामीणों को घर-पहुंच पशु उपचार सुविधा की जानकारी दे तथा प्राप्त कॉल्स को तत्काल अटेंड कर समय पर उपचार उपलब्ध कराए।

Artificial Insemination Programme

स्वावलंबी गौशालाओं में शीघ्र पूर्ण कराएं कार्य

बैठक में कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कामधेनु निवास स्वावलंबी गौशाला योजना अंतर्गत बैतूल के साकादेही, मुलताई के दातोरा, घोड़ाडोंगरी के चोपना तथा शाहपुर के रामपुर में निर्मित स्वावलंबी गौशालाओं में पानी, बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश उप संचालक पशुपालन को दिए।

पशु चिकित्सकों को थमाए जायेंगे चेतावनी नोटिस

उन्होंने राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम एवं वत्सोपादन की समीक्षा करते हुए सभी एवीएफओ को निर्धारित लक्ष्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। लक्ष्य में संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर पशु चिकित्सक शाहपुर डॉ. राहुल एवं भीमपुर डॉ. कैलाश सिंह तवर को चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

योजनाओं का करें पर्याप्त प्रचार-प्रसार

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा पशुधन संरक्षण, संवर्धन एवं पशुपालकों की आर्थिक उन्नति के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं- आचार्य विद्यासागर गोसंवर्धन योजना, मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) आदि- का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि सभी पात्र पशुपालक लाभान्वित हो सकें।

जिले में अभी तक इतने केसीसी जारी

बैठक में बताया गया कि केसीसी के 13,944 लक्ष्य के विरुद्ध 10,207 केसीसी जारी किए जा चुके हैं, जिनकी स्वीकृत राशि लगभग 53 करोड़ रुपये है। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि स्वीकृति की तुलना में वितरण का प्रतिशत कम है। योजना अंतर्गत सभी हितग्राहियों को प्राथमिकता से लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने सभी एवीएफओ को निर्देश दिए कि आगामी मंगलवार को हितग्राहियों के साथ संबंधित बैंकों में जाकर समन्वय कर प्रकरणों का शीघ्र वितरण सुनिश्चित करें।

उन्नत दुग्ध उत्पादन करने वाले ग्राम होंगे चिन्हित

राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत टीकाकरण अभियान में प्रभातपट्टन, भीमपुर, घोड़ाडोंगरी एवं भैंसदेही क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। वहीं क्षीर धारा ग्राम योजना की समीक्षा कर उन्नत दुग्ध उत्पादन करने वाले ग्रामों को चिन्हित कर उन्हें क्षीर धारा ग्राम के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

विपणन गतिविधियों की भी समीक्षा

बैठक में भोपाल सहकारी संघ मर्यादित द्वारा संचालित विपणन गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने संघ की गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। बैठक में उप संचालक पशुपालन सुरजीत सिंह सहित सभी असिस्टेंट वेटनरी फील्ड ऑफिसर उपस्थित रहे।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे   betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button