CM Shivraj Live Action: एक्शन में सीएम शिवराज सिंह, मंच से किया माइनिंग ऑफिसर, सीएमएचओ और बिजली कंपनी के दो जेई को निलंबित

CM Shivraj Live Action: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बैतूल के कुंड बकाजन गांव में आयोजित जन सेवा अभियान अंतर्गत हितलाभ वितरण कार्यक्रम में भी एक्शन में नजर आए। यहां गड़बड़ियों को शिकायत मिलने पर उन्होंने मंच से ही बैतूल के माइनिंग ऑफिसर (खनिज अधिकारी) और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को निलंबित करने की घोषणा की। इसी तरह भीमपुर ब्लॉक के इस क्षेत्र में बिजली संकट की समस्या की शिकायत मिलने पर उन्होंने बिजली कंपनी के 2 जेई (जूनियर इंजीनियर) को निलंबित कर दिया। इस लापरवाही के लिए उन्होंने बिजली कंपनी के अफसरों को जमकर फटकार भी लगाई।
मुख्यमंत्री श्री सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मुझे खनिज विभाग और स्वास्थ्य विभाग में गड़बड़ियों की शिकायत मिली है। इसलिए मैं माइनिंग ऑफिसर और सीएमएचओ को निलंबित करता हूं। उन्होंने आगे कहा कि मुझे इस क्षेत्र में बिजली समस्या की शिकायत मिली है। इसके लिए चिचोली के जेई पवन बारस्कर और जेई साईंखेड़ा जिम्मेदार हैं। मैं इन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करता हूं। उन्होंने आगे कहा कि समय रहते इस समस्या का समाधान किया जा सकता था, लेकिन विभाग के अफसरों ने ध्यान नहीं दिया। ऐसी लापरवाही बिलकुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर उन्होंने बिजली समस्या का समाधान करने के लिए पाट रैयत गांव में 80 करोड़ की लागत से 132 केवी का सब स्टेशन बनाने की घोषणा भी की। इसे बनने में हालांकि समय लगेगा, तब तक इस समस्या के हल के लिए चिचोली से इस क्षेत्र तक 22 किलोमीटर लंबी 33 केवी की लाइन बिछाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह काम 15 दिसंबर तक यह कार्य हर हाल में कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री @ChouhanShivraj के मुख्य आतिथ्य में ग्राम पंचायत कुंडबकाजन, बैतूल में 'मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान' अंतर्गत आयोजित स्वीकृति-पत्र वितरण कार्यक्रम#मुख्यमंत्री_जन_सेवा_MP
https://t.co/rvJAgsWD7v— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) December 2, 2022
पुल निर्माण और सड़क चौड़ीकरण
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस मौके पर भीमपुर से चिचोली सड़क के चौड़ीकरण और बकाजन से भीमपुर मार्ग पर नदी पर पुल बनाने की घोषणा भी की। इसके साथ ही उन्होंने मेंढा डैम की ऊंचाई 1.80 मीटर बढ़ाए जाने की घोषणा भी की। इस मौके पर उन्होंने पेसा एक्ट की जानकारी भी ग्रामीणों को विस्तार से दी।



