Mahadev Mela Accident News : महादेव मेला जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप खाई में गिरी, कोलगांव के चार लोगों की मौत, सात गंभीर
Mahadev Mela Accident News: Pickup of devotees going to Mahadev Mela fell into the ditch, four people of Kolgaon died, seven serious

Mahadev Mela Accident News : (बैतूल) मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के कोलगांव पिपरिया से छिंदवाड़ा के महादेव मेला जा रहे श्रद्धालु जुन्नारदेव क्षेत्र में बड़े हादसे का शिकार हो गए। श्रद्धालुओं से भरा पिकअप वाहन गोरख घाट की घाटी में मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। पिकअप पलटने के बाद 200 फीट गहरी खाई में गिर गया। जिससे उसमें सवार 4 श्रद्धालुओं की मौत की खबर है। हादसे में 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें जुन्नारदेव अस्पताल से छिंदवाड़ा ले जाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक घटना के समय पिकअप वाहन में बैतूल जिले के कोलगांव पिपरिया के 25 से 30 लोग सवार थे। वे छिंदवाड़ा जिले में लगने वाले महादेव मेला जा रहे थे। इस दौरान गोरख घाट पर उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया। यह गोरख घाट दमुआ से भूरा भगत जाने वाले मार्ग पर स्थित है।
हादसे में इन लोगों की हुई मौत
बताया जाता है कि वाहन गोराघाट घाटी से उतरते समय हादसे का शिकार हुआ। वाहन जिस खाई में गिरा वह करीब 200 फीट गहरी है। इस हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है उनमें लक्ष्मी छत्तू उइके (20), सचिन कलीराम उइके (20), किसन सोमा कड़वे (40) और हेमेंद्र कड़वे (26) शामिल बताए जा रहे हैं।

भीषण हादसे की खबर के बाद जुन्नारदेव पुलिस मौके पर पहुंच गई है। मृतकों और घायलों को फंसे वाहन से क्रेन की सहायता से निकाल कर अस्पताल भेजा गया है। जुन्नारदेव टीआई शोभित मिश्रा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में मृतक बैतूल जिले के कोलगांव पिपरिया के निवासी हैं। राहत और बचाव कार्य किया जा रहा हैं। गंभीर घायलों को छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है। (Mahadev Mela Accident News)




