Betul News: तालाब में गिरा बिजली का पोल, दूसरा भी गिरने की कगार पर, करंट फैलने का खतरा, दहशत में ग्रामीण
Betul News: Electric pole fell in the pond, second one is also on the verge of falling, danger of electric shock, villagers in panic
▪️ मनोहर अग्रवाल, खेड़ी सांवलीगढ़
Betul News: बैतूल विकासखंड की ग्राम पंचायत सराड़ में खेड़ी-परतवाड़ा मार्ग पर स्थित काशी तालाब के बीच में लगा बड़ी बिजली लाइन का पोल तेज बरसात के कारण तालाब में ही गिर गया है। पोल के तार भी लगभग लगभग पानी को छू रहे हैं।यही नहीं तालाब में मौजूद दूसरा पोल भी गिरने की कगार पर है। ऐसे में पूरे तालाब में करंट फैलने का खतरा मंडरा रहा है। यही कारण है कि लोगों में भारी डर और दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत ने गुपचुप तरीके से मछली पालन के लिए एक ठेकेदार को तालाब दे दिया। उस ठेकेदार ने 8 एकड़ के इस तालाब का मशीनों से खनन कर तालाब को दो एकड़ में भी नहीं रहने दिया। तालाब के पानी में मिट्टी से बंधान बना दिया। जिससे तालाब के पानी का रुख बिजली के पोल की ओर मुड़ गया और बिजली का पोल तालाब के पानी में गिर गया। यह सब किया धरा तालाब के उस ठेकेदार का है।
ग्राम पंचायत भी इसके लिए जिम्मेदार है क्योंकि इस खननकर्ता को ग्राम पंचायत ने खुली छूट दे रखी है। जिस वजह से अब लोगों की जान पर बन आई है। पूरे तालाब में अगर करंट फैल गया तो जनहानि भी हो सकती है।पोल के तारों में बिजली का प्रवाह चालू है। दूसरा भी पोल गिरने की कगार पर पहुंच गया है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और बिजली कंपनी से इस दिशा में जल्द से जल्द उचित कार्यवाही की मांग की है।



