बैतूल अपडेट

Betul Proof Range Expansion: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का प्रूफ रेंज को लेकर बड़ा बयान, कही यह बात…

Betul Proof Range Expansion: बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में प्रूफ रेंज विस्तार की चर्चाओं के बीच विरोध और विस्थापन की आशंकाओं के बीच अब आदिवासी क्षेत्रों को बड़ी राहत की उम्मीद जगी है। घोड़ाडोंगरी विधानसभा के पूर्व विधायक मंगल सिंह धुर्वे ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में मुलाकात कर घोड़ाडोंगरी विधानसभा के प्रभावित ग्रामों की चिंता उनसे साझा की।

मंगल सिंह धुर्वे ने प्रदेश अध्यक्ष श्री खंडेलवाल को अवगत कराया कि प्रूफ रेंज विस्तार और नए फायरिंग रेंज निर्माण की खबरों ने ग्रामीणों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है। इनमें विशेष रूप से टेमरामाल, टेमरा रैयत, खदारा, रामपुरमाल, मलाजपुर, चिचोली, चिखली, धप्पा, सेहरा, झारकुंड और खदडू गांव शामिल हैं। इन गांवों के लोग पिछले कई दिनों से विस्थापन की आशंका को लेकर आंदोलन और विरोध जता रहे हैं।

ऐसे प्रयास करेंगे कि न हो विस्थापन

मंगल सिंह धुर्वे की बात सुनने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने स्पष्ट आश्वासन दिया कि प्रूफ रेंज विस्तार निरस्त कराने की कोशिश करेंगे, और किसी भी गांव को विस्थापन की स्थिति का सामना नहीं करना पड़े ऐसा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि इन गांवों की सुरक्षा और अस्तित्व को कोई खतरा नहीं है।

ग्रामीणों के हितों की रक्षा होगी सुनिश्चित

प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य स्तर पर इस मामले को गंभीरता से रखा जाएगा और ग्रामीणों के हितों की रक्षा सुनिश्चित होगी। प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि वे घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के प्रभावित ग्रामों के जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे।

जिले में लगातार उठ रही विरोध की लहर

गौरतलब है कि बीते दिनों प्रूफ रेंज विस्तार की खबरें सामने आने के बाद जिले में विरोध की लहर उठी थी। बैतूल, चिचोली, घोड़ाडोंगरी और आसपास के गांवों के हजारों ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर रैली निकाली थी और विस्थापन विरोधी ज्ञापन सौंपा था। सोशल मीडिया पर वायरल हुए पत्र ने इस विवाद को और गहरा दिया था।अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आश्वासन के बाद ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनके गांव सुरक्षित रहेंगे।

एनएसयूआई के प्रदेश सचिव भी उठा चुके मुद्दा


एनएसयूआई के प्रदेश सचिव हर्ष भुसारी ने भी इस मुद्दे को लेकर शनिवार को बयान जारी किया था। उन्होंने कहा था- यदि शीघ्र लिखित स्पष्टीकरण जारी नहीं हुआ, तो जिलेभर में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। हर्ष भुसारी ने पूरे मामले में गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि इतनी बड़ी योजना की संभावनाओं पर शासन-प्रशासन की चुप्पी और जनप्रतिनिधियों का मौन रहना दुर्भाग्यपूर्ण है।

इन गांवों में कई पीढ़ियों से रह रहे लोग

उन्होंने कहा कि हजारों की संख्या में लोग इन गाँवों में पीढ़ियों से रह रहे हैं, खेती कर रहे हैं, रोजगार चला रहे हैं। ऐसे में बिना सार्वजनिक चर्चा और स्पष्ट जानकारी के इस तरह की योजना की खबरें आना न केवल लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अपमान है बल्कि आमजन के भविष्य और सम्मान पर सीधा आघात भी है।

मेहनत से खड़ा किया घर और व्यापार

हर्ष भुसारी ने कहा कि इन इलाकों में हजारों नागरिकों ने अपनी मेहनत की कमाई से घर, जमीन और व्यापार खड़ा किया है। हर एक-दो महीने में दर्जनों लोग छोटे-बड़े व्यवसाय प्रारंभ करते हैं। प्रूफ रेंज जैसी किसी योजना की अफवाहें इन सभी योजनाओं पर पानी फेरने वाली हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अफसरों और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी ने जनता के बीच असमंजस और अनिश्चितता का माहौल पैदा कर दिया है।

स्पष्टीकरण के लिए अधिकारियों से की अपील

हर्ष भुसारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि शासन और प्रशासन ने तत्काल लिखित और आधिकारिक रूप से स्थिति स्पष्ट नहीं की, तो एनएसयूआई पूरे जिले में शांतिपूर्ण लेकिन प्रचंड जनआंदोलन का आगाज करेगी। उन्होंने प्रशासन, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों से अपील की थी कि वे लोगों को भय, भ्रम और आर्थिक असुरक्षा से बाहर निकालने के लिए जल्द से जल्द तथ्यात्मक और पारदर्शी स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।

प्रभावित लोगों की भागीदारी सर्वोपरि

उन्होंने कहा कि यह केवल जमीन की बात नहीं है, यह लोगों की आजीविका, आत्मसम्मान और भविष्य का प्रश्न है। यदि कोई योजना बन भी रही हो तो उसमें प्रभावित गाँवों के लोगों की सहमति, भागीदारी और भलाई सर्वोपरि होनी चाहिए।

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button