Betul News: हैंडबॉल का राष्ट्रीय खेलकूद समारोह भारत भारती में, देश के छः क्षेत्रों से 16 प्रदेशों के खिलाड़ी करेंगे शिरकत

Betul News : विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित 33 वाँ राष्ट्रीय खेलकूद समारोह ( हैंडबॉल और रोप स्किपिंग) आगामी 12, 13 व 14 नवम्बर को भारत भारती आवासीय विद्यालय जामठी (बैतूल) में आयोजित होगा। जिसमें देश भर के 500 से अधिक खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस हेतु भारत भारती में सभी प्रकार की तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।
भारत भारती के सचिव मोहन नागर ने खेलकूद की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कोरोना महामारी के कारण तीन वर्ष बाद विद्या भारती द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर खेलकूद आयोजित किये जा रहे हैं। जिसमें हैंडबॉल व रोप स्किपिंग की प्रतियोगिताएं आगामी 12, 13 व 14 नवम्बर 2022 को भारत भारती शिक्षा संस्थान में सम्पन्न होगी। श्री नागर ने बताया कि प्रतियोगिता में वे खिलाड़ी सम्मिलित होंगे जो अपने राज्य व क्षेत्र से जीतकर आये हैं।

प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, उत्तराखण्ड, बिहार, पंजाब, चंड़ीगढ़, हरियाणा, नई दिल्ली, कर्नाटक, केरल, असम आदि देश के प्रमुख राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी। इस हेतु हैंडबॉल के तीन मैदान तैयार किये गये हैं तथा खिलाड़ियों के लिए आवास व भोजन की व्यवस्था की जा रही है।
पद्मश्री डॉ. किरण सेठ करेंगे अध्यक्षता
श्री नागर ने बताया कि 14, 17 व 19 वर्ष बालक व बालिकाओं के खेलकूद समारोह का विधिवत उद्घाटन 12 नवम्बर को प्रातः 9 बजे भारत भारती में होगा। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बैतूल सांसद दुर्गादास उइके रहेंगे व स्पीक मैके के संस्थापक अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. किरण सेठ कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।

युवाओं को संस्कृति से जोड़ने कर रहे साइकिल यात्रा
पद्मश्री से सम्मानित डॉ. किरण सेठ स्पिक मैके के संस्थापक हैं। IIT दिल्ली से सेवानिवृत्ति के बाद 73 वर्ष की उम्र में युवाओं को संस्कृति से जोड़ने के लिए कश्मीर से कन्याकुमारी तक साईकिल यात्रा कर रहे हैं। उनकी यात्रा का उद्देश्य है संस्कृति, सादगी और साईकिल। डॉ. सेठ 12 नवम्बर को प्रातः भारत भारती पहुँचेंगे। जहाँ वे विद्या भारती के अखिल भारतीय खेलकूद समारोह में खिलाड़ियों को सम्बोधित करेंगे। दो दिन विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर वे 14 नवम्बर को मुलताई के लिए प्रस्थान करेंगे।



