बड़ी खबरेंदेश/विदेशबैतूल अपडेटब्रेकिंग न्यूजमध्यप्रदेश अपडेट
लाला हरदौल: पान और बताशे के साथ दिया जाता है इन्हें विवाह का आमंत्रण

बुंदेलखंड में ओरछा के महानायक माने जाने वाले लाला हरदौल के बुन्देली इतिहास के विषय में हर कोई जानता है। खासकर उम्रदराज लोग उन्हें आज भी वैवाहिक कार्यक्रमों में बाकायदा पान, बताशे और पत्रिका भेंट कर उन्हें शादी में आमन्त्रण देते हैं। खेड़ी सांवलीगढ़ ग्राम में सेलगांव मार्ग पर गणेश धोटे के खेत में स्थित लाला हरदौल का मंदिर लगभग डेढ़ सौ बरस के इतिहास का साक्षी है।
पीपल के पेड़ के नीचे लाला हरदौल की प्रतिमा है। जहां प्रत्येक नागरिक आस्था से अपना सिर झुकाता है। वैवाहिक सीजन में तो प्रतिदिन लाला हरदौल की पूजा करने वाले ग्रामीणों की लगातार आवाजाही लगी रहती है। यहां पान, बताशे का चढ़ावा चढ़ा कर लोग उन्हें शादी में आने का आमंत्रण देते हैं। कहा जाता है लाला हरदौल को आमंत्रण दिए बगैर शादी पूर्ण नहीं मानी जाती है। कोई न कोई विध्न आते रहते हैं।
ग्राम खेड़ी सांवलीगढ़ में हरदु लाला नाम से यह स्थल पहचाना जाता है। यह हरदौल वही है, जिन्होंने बुंदेलखंड के इतिहास में ही नहीं, सभी जगह अपनी कर्तव्य परायणता और वीरता से पूजनीय स्थान पाया और मरणोपरांत भी अपनी बहन का भात भरने चमत्कारी रूप से ओरछा में प्रगट हुए थे।



