Betul Update: पांच साल पहले स्वीकृत संबल योजना की दो लाख की राशि आज भी नहीं पहुंची हितग्राही के खाते में
Betul Update: The amount of two lakhs of Sambal Yojana approved five years ago has not reached the beneficiary's account even today.
▪️ मनोहर अग्रवाल, खेड़ी सांवलीगढ़
Betul Update: पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने एक बार यह स्वीकार किया था कि सरकार एक रुपए भेजती है पर लोगों तक पंद्रह पैसे ही पहुंचते हैं। उनके इस बयान पर भारी हयतौबा मची थी और अभी भी मचती रहती है। उम्मीद की जा रही थी कि एक प्रधानमंत्री द्वारा यह बात कहे जाने पर भ्रष्टाचार कुछ कम होगा, लेकिन अफसोस कि ऐसा नहीं हो सका। हकीकत यह है कि भ्रष्टाचार के इस राक्षस का आकार कम होने के बजाय बढ़ा ही है। अब तो आलम यह है कि पहले जो 15 पैसे आते थे, वह भी नहीं आ पा रहे हैं। भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा दिखाता एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यह मामला संबल योजना से जुड़ा है। जिसमें 5 साल पहले स्वीकृत 2 लाख की राशि आज तक हितग्राही के खाते में ही नहीं पहुंची है।
दरअसल, प्रदेश सरकार द्वारा गरीबों के हित में चलाई जा रही संबल योजना उनके काम तो नहीं आ रही, उल्टे उन्हें अपने हक की राशि लेने के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर कर रही है। ऐसा ही एक मामला विकासखंड भैंसदेही की ग्राम पंचायत केरपानी के ठेस्का गांव का प्रकाश में आया है। यहाँ का निवासी राजू उइके मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना में पंजीकृत श्रमिक था। राजू उइके की आकस्मिक मौत 2 जून 2019 को हो गयी थी। इस योजना के तहत राजू उइके की मौत के बाद 2 जुलाई को 2 लाख रूपये अनुग्रह सहायता राशि स्वीकृत की गयी थी।
- Also Read: Betul News: रक्षाबंधन मनाने आई बहन के बेटे की करंट से मौत, त्योहार की खुशियों जगह पसरा मातम
उक्त प्रकरण हेतु श्रमायुक्त कार्यालय मध्यप्रदेश के आदेश क्रमांक 544, वर्ष 2019, दिनांक 27-9-2019 के माध्यम से 2 लाख रूपये की अनुग्रह राशि आवंटन जनपद पंचायत भैंसदेही के खाते में प्रदाय की गई किंतु मृतक राजू की पत्नी सुनीता के खाते में पांच वर्ष बाद भी राशि नहीं पहुँची है। इस विषय में जनपद पंचायत भैंसदेही को दिनांक 27-7-2023 को श्रम पदाधिकारी के द्वारा पत्र भी लिखा गया है, लेकिन हितग्राही सुनीता के खाते में 2 लाख रूपये अनुग्रह राशि अभी तक नहीं पहुँच पायी है।
- Also Read: Betul Samachar : खबर का असर… हड़ताल के बावजूद जारी रहेगा खाद वितरण, “बैतूल अपडेट” ने उठाया था मुद्दा
राशि नहीं मिलने और कमाऊं सदस्य की मौत के बाद गरीब महिला आज दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। उधर भैंसदेही जनपद के पास इसका कोई जवाब नहीं है कि हितग्राही सुनीता का पांच वर्ष पूर्व निकला 2 लाख आखिर गया कहां। हितग्राही सुनीता ने जिला कलेक्टर बैतुल एवं सीएम हेल्प लाइन पर भी अपनी शिकायत दर्ज की है, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हो रही है। मामले में हितग्राही सुनीता ने उचित कार्यवाही की मांग की है।



