बैतूल अपडेट

Multai Murder Case: जब डॉक्टर ने बदल दी पुलिस जांच की दिशा, जिसे सब हादसा समझ रहे थे वह निकला मर्डर

Multai Murder Case: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में एक मौत के मामले की डॉक्टर का ओपिनियन आते ही जांच की दिशा ही बदल गई। कुएं में एक युवक की लाश पड़ी थी और पास ही में एक शराब की बोतल, मोबाइल और चप्पल रखी थी। इससे सबको ऐसा लग रहा था कि शराब पीते हुए युवक धोखे से कुएं में गिर गया होगा।

इन हालातों में सबको ऐसा लग रहा था कि यह महज एक हादसा है। पहले खुद पुलिस भी इसे महज एक हादसा मान कर ही चल रही थी, लेकिन जैसे ही डॉक्टर की राय आई तो यह मर्डर का मामला निकला। इस दिशा में जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।

बैतूल एसपी वीरेंद्र जैन ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 14 जनवरी 2026 को थाना मुलताई अंतर्गत चौकी मासोद से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम रगड़गांव, चारसी रोड स्थित महंगू कुमरे के खेत के पास बने कच्चे कुएं में एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मासोद उपनिरीक्षक रणधीर सिंह राजपूत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

मृतक की पहचान राज ठाकुर के रूप में

प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध प्रतीत होने पर घटनास्थल को सुरक्षित किया गया तथा वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। मृतक की पहचान राज ठाकुर पिता स्वर्गीय राजू ठाकुर, उम्र 20 वर्ष, निवासी मासोद के रूप में हुई। प्रारंभ में मर्ग क्रमांक 00/26 धारा 194 बीएनएसएस अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

Multai Murder Case: जब डॉक्टर ने बदल दी पुलिस जांच की दिशा, जिसे सब हादसा समझ रहे थे वह निकला मर्डर

ममेरे भाई के साथ गया था मुर्गा बाजार

फरियादी चैनसिंह ठाकुर द्वारा बताया गया कि मृतक राज ठाकुर 13 जनवरी को दोपहर लगभग 12 बजे अपने ममेरे भाई डेविड राजपूत के साथ मोटर साइकिल से ग्राम रगड़गांव (मुर्गा बाजार) गया था। शाम लगभग 5 बजे चारसी रोड के पास राज ठाकुर यह कहकर डेविड से अलग हुआ कि वह थोड़ी देर में वापस आ जाएगा, किंतु उसके बाद वापस नहीं लौटा।

मोबाइल बंद होने पर परिजनों को शंका

रात्रि लगभग 9.45 बजे मृतक का मोबाइल फोन बंद आने पर परिजनों को शंका हुई। डेविड से पूछताछ करने पर उसने राज के अलग हो जाने की जानकारी दी। परिजनों द्वारा डेविड को साथ लेकर चौकी मासोद में सूचना दी गई। चौकी स्टाफ एवं डायल-112 की सहायता से रात्रि में रगड़गांव एवं आसपास के खेतों में तलाश की गई, परंतु कोई सुराग नहीं मिला।

Multai Murder Case: जब डॉक्टर ने बदल दी पुलिस जांच की दिशा, जिसे सब हादसा समझ रहे थे वह निकला मर्डर

कुआं खाली कराने पर मिला शव

पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेंद्र जैन के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मुलताई, निरीक्षक आबिद अंसारी प्रभारी क्राइम सीन एक्सपर्ट, डॉग स्क्वॉड एवं फिंगर प्रिंट टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य संकलन एवं फोटोग्राफी की गई। मौके पर पहुंचकर कुएं का पानी खाली कराया गया, जहां मृतक का शव औंधे मुंह अवस्था में पाया गया। पंचनामा उपरांत शव का शासकीय अस्पताल आठनेर में पोस्टमार्टम कराया गया।

चिकित्सक ने बताया मार कर फेंका कुएं में

चिकित्सक द्वारा जारी शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गला दबाने से श्वांस अवरोध बताया गया। डॉक्टर का यह भी कहना था कि युवक की पहले हत्या की गई है और फिर उसे कुएं में फेंका गया है क्योंकि मृतक के पेट में पानी नहीं पहुंचा है। यदि वह धोखे से जीवित अवस्था में गिरा होता तो उसके पेट में पानी भर जाता। इसके बाद जांच की दिशा ही बदल गई।

Multai Murder Case: जब डॉक्टर ने बदल दी पुलिस जांच की दिशा, जिसे सब हादसा समझ रहे थे वह निकला मर्डर
मृतक राज ठाकुर

हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू

परिस्थितिजन्य साक्ष्यों एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि मृतक की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया। उपरोक्त आधार पर थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 47/2026, धारा 103(1), 238(क) बीएनएस के अंतर्गत अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया।

संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ

विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर तथा घटनास्थल के आसपास मौजूद व्यक्तियों से पूछताछ एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर संदेही अमित कुमरे पिता दम्मूलाल कुमरे, उम्र 19 वर्ष, निवासी रगड़गांव पर संदेह हुआ। अमित कुमरे को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार किया।

आरोपी ने बताया हत्या का यह कारण

आरोपी ने बताया कि शाम लगभग 4 बजे चारसी रोड पर मोटर साइकिल से आते समय मृतक द्वारा उसे कट मारा गया, जिससे दोनों में विवाद हुआ। मृतक द्वारा गाली-गलौज करने एवं थप्पड़ मारने पर आरोपी को गुस्सा आ गया और उसने अपने गले में पहना गमछा मृतक के गले में डालकर जोर से खींच दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

हत्या को हादसा बताने का किया प्रयास

इसके बाद घबराकर आरोपी ने शव को अपनी झोपड़ी में रखा। बाद में सबूत मिटाने के उद्देश्य से मृतक का आधार कार्ड छिपाकर शव को कुएं में फेंक दिया तथा मोबाइल, चप्पल व शराब की बोतल इस प्रकार रख दी ताकि घटना दुर्घटना प्रतीत हो। आरोपी की निशानदेही पर गमछा एवं आधार कार्ड बरामद किए गए। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालयीन कार्यवाही की जा रही है।

प्रकरण में इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस संपूर्ण कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी, एसडीओपी मुलताई शिवकुमार सिंह, थाना प्रभारी मुलताई नरेंद्र सिंह परिहार, निरीक्षक आबिद अंसारी प्रभारी सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट बैतूल, चौकी प्रभारी मासोद रणधीर सिंह राजपूत, चौकी प्रभारी प्रभात पट्टन दिनेश कुमरे, चौकी प्रभारी दुनावा सुनील सरयाम, प्रधान आरक्षक हाकमसिंह, रामकृष्ण, बलराम, पुष्पा, सुभाष माकोड़े, आरक्षक विवेक गाड़गे, मेघा, प्रिंस, अरविंद, कमलेश, मेहमान, शिवराम, बलराम राजपूत आर चालक पवन एनिया की सराहनीय भूमिका रही।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button