Rahul Gandhi Par Hamla : कृषि मंत्री कमल पटेल बोले- राहुल गांधी दंडवत कर ले या उल्टा टंग जाए, उनकी विश्वसनीयता खत्म हो चुकी है

Rahul Gandhi Par Hamla : राहुल गांधी अब कुछ भी कर ले… वे दंडवत कर ले, उल्टा टंग जाए, पैर पढ़ ले या कुछ भी कर लें, जनता पर उनकी मशक्कत का कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। अब उनकी विश्वसनीयता पूरी तरह से खत्म हो गई है। इसलिए वे मध्यप्रदेश में प्रवेश के पहले यहां के किसानों, युवाओं, दिव्यांगों और महिलाओं से माफी मांगे। यदि वे ऐसा नहीं करते हैं तो किसान उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करा देंगे।
यह बात प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने बैतूल में पत्रकारों से चर्चा में कही। वे यहां आयोजित स्व. मधुलिका गर्ग अग्रवाल स्मृति नि:शुल्क कैंसर जांच, उपचार और जागरूकता शिविर में भाग लेने पहुंचे थे। मंत्री श्री पटेल कहा कि अब जनता तो क्या खुद कांग्रेसी कार्यकर्ता उन्हें पप्पू कहने लगे हैं। कार्यकर्ता कह रहे हैं कि उन्होंने कांग्रेस को बर्बाद कर दिया। श्री पटेल ने कहा कि राहुल गांधी मध्य प्रदेश आ रहे हैं। उनकी मांग है कि वे मध्यप्रदेश के किसान, युवाओं, माता और दिव्यांगों से माफी मांगे। वर्ष 2018 के चुनाव में उन्होंने वचन पत्र दिया था कि 10 दिन में किसानों का 2 लाख का कर्ज माफ कर देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि राहुल गांधी को मध्य प्रदेश की जनता से प्रदेश में प्रवेश करने के पहले माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने प्रदेश की साढ़े सात करोड़ जनता से झूठे वादे किए थे। अगर वह माफी नहीं मांगते हैं, तो मध्य प्रदेश के किसान उनके खिलाफ धोखाधड़ी और षड्यंत्र का मुकदमा दर्ज कराएंगे।
पूरे देश में अप्रासंगिक हुई कांग्रेस
कृषि मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में अप्रासंगिक हो गई है। पीएम मोदी का नारा है कांग्रेस मुक्त भारत। इसे पूरे देश ने अपनाया है। कांग्रेस मुक्त भारत मतलब परिवारवाद, आतंकवाद, अलगाववाद मुक्त भारत है। विकसित भारत है, जो काम 60 साल में नहीं हो सके, वह 8 साल में हुए हैं।
गोवंश आधारित होगी अब खेती
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश में प्राकृतिक कृषि बोर्ड बनाया गया है। इसके अध्यक्ष खुद मुख्यमंत्री हैं। यह खेती गोवंश आधारित खेती होगी। जिसमें पेस्टिसाइड्स के उपयोग की मनाही है। जल्द ही एक लाख हेक्टेयर में जैविक खेती करने का लक्ष्य रखा गया है। आने वाले सालों में प्रदेश को प्राकृतिक प्रदेश बनाए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। रासायनिक और पेस्टिसाइड मुक्त खेती करने की ओर कदम आगे बढ़ाए गए हैं।

नई शिक्षा नीति बेहतर भविष्य तय करेगी
आमला में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री श्री पटेल ने कहा कि सरकार की नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों का बेहतर भविष्य तय करेगी। युवाओं से अपेक्षा है कि वे शिक्षित होकर अपने उज्जवल भविष्य का निर्माण करें। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत निरामयम योजना आमजन के लिए सरकार की अत्यंत ही लाभकारी योजना साबित हो रही है। इससे प्रत्येक पात्र परिवार को प्रतिवर्ष 5 लाख तक के नि:शुल्क उपचार का लाभ मिल रहा है। श्री पटेल आमला में 5 करोड़ 60 लाख की लागत से निर्मित चिकित्सालय भवन एवं 3 करोड़ 53 लाख की लागत से निर्मित डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय महाविद्यालय भवन के 6 अतिरिक्त कक्षों के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
अपने संबोधन में श्री पटेल ने आगे कहा कि सरकार की नई शिक्षा नीति स्वाभिमानी, पुरूषार्थी, चरित्रवान एवं देशभक्त पीढ़ी तैयार करेगी। विद्यार्थियों से अपेक्षा है कि वे अपने जीवन में सफल तो बनें ही, साथ ही दूसरों का उपकार कर जीवन को सार्थक भी बनाएं। श्री पटेल ने इस दौरान आमला में कृषि उपज मंडी तक जाने वाली सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत निरामयम योजना का लाभ लेने के लिए ज्यादा से ज्यादा पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं।



