Betul News: युवती को डंसने के बाद दरवाजे पर फन फैलाए बैठा रहा कोबरा सांप, भगाने वालों पर भी बोलता रहा हमला
Betul News: After biting the girl, the cobra snake kept spreading its hood at the door and kept attacking even those who drove it away.

• मनोहर अग्रवाल, खेड़ी सांवलीगढ़
सांपों के बारे में कहा जाता है कि वे जान बूझकर किसी को नहीं डंसते हैं। उन्हें जब खुद पर खतरा महसूस होता है, तभी बचाव में किसी को डंसते हैं। यही नहीं डंसने के बाद तुरंत अपने आप को बचाने वे भाग भी जाते हैं। यही कारण है कि वे फिर ढूंढने से भी नहीं मिलते।
इन सबके विपरीत क्या आपने कभी यह सुना या देखा है कि कोई सांप पहले तो किसी को डंस दें। उसके बाद वह काफी देर तक फन फैलाए हुए दरवाजे पर भी बैठा रहे ताकि पीड़ित को कोई मदद न मिल सके। यही नहीं कोई यदि मदद करने जाए तो उस पर भी हमला करने लगे…?
यकीनन ऐसा कोई नजारा आपने न तो आज तक देखा होगा और न ही सुना होगा। लेकिन, मध्य प्रदेश के बैतूल जिले की भैंसदेही तहसील की एक युवती के साथ ठीक ऐसी घटना हुई है। डंसने के साथ ही सांप की उस हरकत से युवती को इलाज मिलने में भी देरी हुई और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भैंसदेही तहसील अंतर्गत केरपानी ग्राम पंचायत के दादूढाना गांव की युवती सीमा पिता सुनील धुर्वे (25) गुजरात के राजकोट जिले में अपने गांव के लोगों के साथ धागा फैक्ट्री में काम करती है। रोजाना की तरह वह शाम को अपने कमरे में सो रही थी। इसी बीच एक विषैले कोबरा नाग ने उसे बिस्तर में काट लिया।
इसके बाद भी नाग भागा नहीं और वह दरवाजे पर आकर फन फैला कर बैठ गया। नाग के इस तरह से बैठे रहने से न पीड़िता घर से बाहर आ पा रही थी और ना ही मदद के लिए बाहर से कोई भीतर जा पा रहा था। ऐसा लग रहा था कि नाग की पीड़िता से कोई जानी दुश्मनी है और उसी का बदला लेने वह आया हो।
लोग जब उसे भगाने का प्रयास करते तो वह उन पर भी हमला बोलने का प्रयास करने लगता। काफी देर बाद बड़ी मशक्कत के बाद उसे वहां से हटाया जा सका।
यहां देखें वीडियो….
- Also Read: Betul News: नाबालिग से बलात्कार का आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल लोकेशन के आधार पर घेराबंदी कर पकड़ा
नाग का फन फैलाए दरवाजे पर बैठे रहना, उसका एकटक भीतर देखना, हटाने का प्रयास करने पर भी वहां से बिल्कुल नहीं जाना, यह सब लोगों के लिए कौतूहल और आश्चर्य का विषय बना रहा। बड़ी मुश्किल से उसे वहां से हटाया और फिर पीड़िता को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा सका।
तत्काल इलाज नहीं मिलने के कारण पीड़िता सीमा की हालत बिगड़ने लगी थी। बताया जाता है कि अस्पताल में भर्ती सीमा की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। इधर ग्राम दादूढाना में खबर लगने पर उसके परिजन भी गुजरात के लिए रवाना हो गए हैं। परिजन और ग्रामीण भी सीमा की सलामती की दुआ कर रहे हैं।



