IFS Pooja Nagle: देखी नहीं होगी ऐसी दबंग महिला आईएफएस ऑफिसर, 700 किमी दूर राजस्थान से जब्त कर ले आई चोरी का सागौन
IFS Pooja Nagle: Such a domineering female IFS officer would not have been seen, seized stolen teak from Rajasthan 700 km away

IFS Pooja Nagle: अन्य राज्यों में अपराधियों को पकड़ने जाने पर पुलिस दल पर हमले के मामले आए दिन सामने आते रहते हैं। ऐसे में क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि कोई महिला प्रशिक्षु आईएफएस ऑफिसर बैतूल से 700 किलोमीटर दूर राजस्थान जैसे राज्य में जाकर चोरी किया सागौन जब्त कर ले आए, वह भी मात्र 12 कर्मचारियों की टीम के साथ? आपका जवाब शायद ना होगा, लेकिन यह हकीकत है। इस कारनामे को अंजाम दिया है मध्यप्रदेश के बैतूल में पदस्थ प्रशिक्षु आईएफएस ऑफिसर पूजा नागले (IFS Pooja Nagle) ने।
दरअसल, बैतूल जिले के दक्षिण वन मंडल के जंगल से काटी गई सागौन को राजस्थान के हरिपुरा जाकर वन विभाग की टीम ने बरामद किया है। इस टीम का नेतृत्व प्रशिक्षु महिला आइएफएस पूजा नागले ने किया। मात्र 12 सदस्यों की इस टीम ने सुनियोजित तरीके से इस कार्रवाई को अंजाम देकर आरामशीन के संचालक और खंडवा से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। वन विभाग की टीम ने 12 मई को बैतूल के जंगल से काटी गई सागौन की लकड़ी जब्त कर ट्रक से लाने का काम भी किया है। टीम के द्वारा सागौन की तस्करी करने वाले गिरोह के सरगना की तलाश की जा रही है।

दक्षिण वन मंडल के डीएफओ वरूण यादव के अनुसार ताप्ती रेंज की महुपानी बीट में 10 अप्रैल 2023 को 22 सागौन के पेड़ों की अवैध रूप से कटाई कर ली गई थी। अवैध कटाई की जांच के लिए टीम गठित की गई थी। इसका नेतृत्व प्रशिक्षु आईएफएस और ताप्ती रेंज की प्रभारी रेंजर पूजा नागले के द्वारा किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर गोनीघाट बीट के बीटगार्ड देवेंद्र ठाकुर को निलंबित कर जांच प्रारंभ की गई। टीम को जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर खंडवा जिले के जुमारखाली गांव निवासी ट्रक चालक विष्णु उर्फ भूरा पिपलोदे को पकड़ा। उससे पूछताछ की गई तो महूपानी के जंगल से काटी गई सागौन को राजस्थान के भीलवाड़ा में हरिपुरा की आरामशीन पर पहुंचाने का खुलासा हुआ।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 12 सदस्यों की टीम को राजस्थान के हरिपुरा रवाना किया गया। प्रशिक्षु महिला आईएफएस पूजा के नेतृत्व में टीम ने हरिपुरा में आरामशीन पर पहुंचकर निरीक्षण किया तो पाया गया कि जिस सागौन की चिराई की जा रही है वह बैतूल के जंगल की ही है। आरामशीन के संचालक रामेश्वरलाल सुथार से पूछताछ की गई और सागौन को जब्त कर उसे हिरासत में ले लिया गया। टीम जब्त किए गए सागौन को ट्रक में भरवाकर बैतूल तक सुरक्षित लेकर आई।
वन विभाग की टीम ने विष्णु उर्फ भूरा पिपलोदे और रामेश्वरलाल सुथार के खिलाफ वन अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया। दोनों से पूछताछ में सामने आया है कि अवैध कटाई करने वाला गिरोह हरदा जिले का है। आरोपितों से पूछताछ में गिरोह के सरगना गोकुल विश्नोई, शंकर, नंदू और दीपक का नाम सामने आया हैै। वन विभाग की टीम के द्वारा सभी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपिताें को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।

2020 बैच की आइएफएस हैं पूजा नागले (Ifs Pooja Nagle)
दक्षिण वन मंडल के ताप्ती वन परिक्षेत्र में पदस्थ आइएफएस पूजा नागले (Ifs Pooja Nagle) 2020 बैच की अधिकारी हैं। उन्हें रेंजर के पद का प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए 11 जनवरी 2023 को ताप्ती रेंज की कमान सौंपी गई थी। इसी रेंज में बड़ी मात्रा में सागाैन के पेड़ों की अवैध कटाई होने की घटना को उन्होंने चुनौती के रूप में लिया।करीब एक महीने तक हर स्तर पर जांच करते हुए सागौन की तस्करी जिस ट्रक से की गई थी उसके चालक का पता लगाने में उन्हें कामयाबी मिली। इसके बाद उससे मिले सुराग के आधार पर बैतूल से करीब 700 किमी दूर राजस्थान के हरिपुरा जाकर अवैध रूप से काटकर ले जाया गया सागौन बरामद किया गया।



