बड़ी खबरें

Kundi Toll Plaza Protest: अधूरे भोपाल-नागपुर हाईवे पर कुंडी में टोल वसूली का ग्रामीणों ने किया विरोध, कहा- तत्काल बंद हो

Kundi Toll Plaza Protest: भोपाल-नागपुर नेशनल हाईवे पर मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के शाहपुर क्षेत्र में कुंडी टोल प्लाजा पर वसूली शुरू कर दी गई है, लेकिन सड़क निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है। इसके विरोध में शाहपुर क्षेत्र के ग्रामीणों ने गुरुवार को जमकर विरोध प्रदर्शन किया। टोल टैक्स की यह वसूली आदिवासी ग्रामीणों को आर्थिक रूप से परेशान कर रही है। उन्होंने तत्काल वसूली रोके जाने की मांग की।

सामाजिक कार्यकर्ता राजा धुर्वे के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय को ज्ञापन भेजकर तत्काल वसूली रोकने की मांग की है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में कहा है कि यह क्षेत्र संविधान की पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत अधिसूचित आदिवासी क्षेत्र है और यहां के स्थानीय नागरिक आदिवासी हैं। इसके बावजूद एनएचआई द्वारा टोल वसूली शुरू करना पूरी तरह अनुचित है।

बिना ग्राम की एनओसी लिए वसूली (Kundi Toll Plaza Protest)

ग्राम पंचायत कुंडी के सरपंच वीरेंद्र बबलू उइके ने आरोप लगाया कि टोल का संचालन बिना ग्रामसभा की स्वीकृति (एनओसी) के किया जा रहा है, जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि टोल बूथ पर बाहरी तत्वों के माध्यम से पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों को डराया और धमकाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। इस विरोध प्रदर्शन में सरपंच वीरेंद्र बबलू उइके के साथ आसपास के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।

बरेठा घाट का कार्य अभी शुरू ही नहीं (Kundi Toll Plaza Protest)

ग्रामीणों ने बताया कि कुंडी टोल से बैतूल की ओर जाने वाले मार्ग में लगभग 10 से 12 किलोमीटर की दूरी पर बरेठा घाट का निर्माण कार्य अभी तक नहीं हुआ है। वहीं इटारसी की ओर जाने वाले मार्ग में भी लगभग 30 किलोमीटर के बाद 15 किलोमीटर का हिस्सा अभी अधूरा है। इसके बावजूद वाहन चालकों से पूरे टोल की वसूली की जा रही है, जबकि वे केवल लगभग 40 किलोमीटर ही सफर कर रहे हैं।

कृषि उपयोगी वाहनों से भी पूरा टोल (Kundi Toll Plaza Protest)

गांव के लोगों का कहना है कि टोल पर आदिवासी क्षेत्रों के नागरिकों से उनके निजी वाहन और कृषि कार्य में उपयोग आने वाले वाहनों पर भी पूरी राशि वसूली जा रही है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है। शाहपुर और भौंरा जैसे कस्बे जो टोल से महज 5 से 7 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं, वहां के लोगों को भी टोल चुकाना पड़ रहा है।

मनमानी वसूली को बढ़ावा दे रहे अधिकारी (Kundi Toll Plaza Protest)

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि टोल अनुबंधकर्ता द्वारा यह दबाव डाला जा रहा है कि ग्रामीण 350 रुपए प्रति माह देकर पास बनवाएं। इससे साफ है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और उनके अधिकारी अनुबंधकर्ताओं के दबाव में काम कर रहे हैं और मनमानी वसूली को बढ़ावा दे रहे हैं।

जब तक हाईवे अधूरा, तब तक वसूली नहीं (Kundi Toll Plaza Protest)

ग्रामीणों ने सड़क परिवहन मंत्रालय से मांग की है कि जब तक हाईवे का पूर्ण निर्माण नहीं हो जाता, तब तक कुंडी टोल से वसूली बंद की जाए। साथ ही टोल के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले नागरिकों के निजी और कृषि उपयोग के वाहनों को टोल से पूर्णत: मुक्त किया जाएं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। (Kundi Toll Plaza Protest)

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button