पत्नी ने ही उतारा था प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट, राज खुलने का था डर

बैतूल के शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कछार में हुई ग्रामीण की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति को मौत के घाट उतारा था। इन दोनों को अपने अवैध सम्बन्धों का राज सबके सामने आने का डर सता रहा था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। मृतक को मुकम्मल मौत की नींद सुलाने के लिए उस पर छुरी से ताबड़तोड़ कुल 19 वार किए गए थे।
शाहपुर एसडीओपी एमएस मीणा ने बताया कि 17 फरवरी 2022 को थाना शाहपुर में सूचना मिली कि ग्राम कछार में ओमप्रकाश राव की हत्या हो गई है। सूचना पर कछार पहुँच कर मृतक ओमप्रकाश राव निवासी कछार की शव पंचनामा कार्यवाही की। मृतक के परिजनों द्वारा शव को घटनास्थल से उठाकर घर में लाकर नहला धुला दिया था।
परिजनों द्वारा हत्या के सबूत खुर्द बुर्द करने के कारण मृतक के परिजनों को थाना बुलाकर संदेह के आधार पर पूछताछ की गई। मृतक की पत्नी अनसुइया बाई द्वारा बताया गया कि उसके गांव में ही रहने वाले रामविलास यादव से 8-10 सालों से प्रेम संबंध थे। जिसकी जानकारी मृतक को लग गई थी।
इस संबंध में मृतक उसकी पत्नी को रामविलास से मिलने को मना करता था। 16 फरवरी को ग्राम कछार में दिनेश यादव के घर शादी थी। जिसमें मृतक एवं मृतक के दोनों पुत्र भी शामिल हुए थे। मृतक शादी से करीब 12.30 बजे घर आया। घर के पीछे वाले छपरे में मृतक की पत्नी अनसुइया और रामविलास खटिया पर बैठे मिले। जिसे मृतक द्वारा उसकी पत्नी को बोला गया कि अब बहुत हो गया है। कल गांव में पंचायत बुलाकर तेरे बाप और भाई के सामने तेरी सच्चाई उजागर करूंगा। इसके बाद आरोपी वहां से चला गया और मृतक खेत में जागल करने चला गया।
मृतक पर किए गए थे 19 वार
रात करीब 2.30-3 बजे के आसपास अनसुइया के साथ योजना बनाकर खेत पर बनी मचान पर दोनों गए। यहाँ मृतक की पत्नी अनसुईया द्वारा मृतक के मुंह में कपड़ा लगाकर दबा दिया और आरोपी रामविलास द्वारा एक लोहे की छुरी से बेरहमी से मृतक के पेट, सीने तथा पीठ पर 19 बार वार किए। जिससे मृतक की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों वहां से चले गये।
बेटे के सामने किया नाटक
सुबह अनसुईया द्वारा अपने बेटे से बोला गया कि तेरे पापा अभी तक नहीं आए हैं। इसके बाद बेटे के साथ वह खेत गई। वहां मां-बेटा दोनों शव को घर लेकर आए और नहला धुलाकर साफ-सुथरा कर दिया गया। इधर आरोपी रामविलास द्वारा घटना में प्रयुक्त छुरी घटनास्थल के पीछे झाड़ियों में छिपा देना बताया गया। उसके मेमोरेण्डम के आधार पर वह जप्त की गई।
इस टीम की रही विशेष भूमिका
थाना शाहपुर में धारा 302 के इस संबंध अंधे कत्ल के अपराध का पर्दाफाश करने के लिए गठित टीम में शामिल निरीक्षक एसएन मुकाती, उप निरीक्षक एनके पाल, सेवंती परते, एएसआई नरेन्द्र सिंह ठाकुर, आरक्षक मोहित, प्रवेश, संगीता एवं अनिता की मुख्य भूमिका रही।



