Bholenath Ki Shadi : शिव जी का परिवार बनकर महिला श्रद्धालुओं ने लाई खनमिट्टी, बैतूल में हो रही भोलेनाथ की शादी की रस्में
Bholenath Ki Shadi: Being the family of Shiv ji, women devotees brought clay, Bholenath's wedding rituals being held in Betul

Bholenath Ki Shadi : (बैतूल) त्रिकालदर्शी कहलाने वाले भगवान शंकर के विवाह में शिवभक्त ऐसे जुटे हैं, जैसे अपने घर के किसी सदस्य की शादी हो रही हो। पूरे रीति रिवाज पारंपरिक तरीके से निभाए जा रहे हैं। विवाह पूर्व खनमिट्टी लाने की प्राचीन परंपरा है। सोमवार को महिला शिवभक्तों ने अपने प्रिय महादेव के विवाह के लिए खनमिट्टी लाने की भी परंपरा को पूरे रीति रिवाज के साथ निभाई।
विश्वेश्वर महादेव का परिवार बनकर महिला श्रद्धालु सोमवार को तय समय सुबह 10 बजे थाना चौक कोठी बाजार स्थित शिवालय में एकत्रित हो गईं। इसके बाद महिलाएं गाजे-बाजे के साथ शिवालय से कुछ ही दूरी पर खनमिट्टी लेने पहुंची। सोमवार को महादेव के केदारनाथ स्वरूप का पूजन किया गया। परंपरा अनुसार भूमिपूजन कर महिलाएं केदारनाथ की खनमिट्टी लेकर वापस शिवालय पहुंची। महिलाओं ने खनमिट्टी से विवाह की पूजन-सामग्री बनाई, जिसके पास बैठकर ही दूल्हा-दुल्हन पूजन आदि करते हैं। परिवार और परिजन महिलाओं के द्वारा विवाह से पूर्व खनमिट्टी लाने की प्राचीन परंपरा है, जिसे महिला श्रद्धालुओं द्वारा बखूबी निभाया गया।
- Also Read : Swimming Benefits: स्वस्थ रहना चाहते है तो शुरू कर दें स्विमिंग, बीमारिया छू तक नही पाएगी
आज भीमाशंकर का मंडप (Bholenath Ki Shadi)
श्री शंभू भोले उत्सव सेवा समिति थाना महाकाल चौक कोठी बाजार द्वारा इस वर्ष शिव विवाह की सभी रस्मों को शिवरात्रि से पूर्व मनाया जा रहा है। अपने आप में यह अनूठा और ऐतिहासिक आयोजन माना जा रहा है। जैसे कि सभी शादियों में किया जाता है। शिव विवाह में भी शिव-पार्वती की सगाई हो रही है। उसके बाद भोलेनाथ को हल्दी लगाने की रस्म निभाई जा रही है। भक्तों द्वारा महाशिवरात्रि तक शादी का उत्सव मनाया जाएगा। 18 मार्च को बारात जाएगी और धूमधाम से शिव-पार्वती विवाह होगा। विवाह की इसी बेला में आज सुबह 10 बजे थाना महाकाल चौक कोठी बाजार स्थित शिवालय में भीमाशंकर का मंडप बड़ी धूमधाम से डाला जाएगा।
धर्म परायण है बैतूल की जनता
शिव विवाह के उत्साह में डूबे श्री शंभू भोले उत्सव सेवा समिति के सदस्यों का कहना है कि बैतूल पुण्यधरा है, यहां की जनता धर्मपरायण है। उन्हें खुशी है कि बैतूल शहर में पहली बार भूतभावन भगवान भोलेनाथ के विवाह महोत्सव का भव्य आयोजन होगा। हजारों श्रद्धालु ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनेंगे। धूमधाम से निकलने वाली शिव बारात में सांस्कृतिक झलक देखने को मिलेगीं। कल से हल्दी, मेंहदी की रस्म होगी। महिलाओं द्वारा गीत संगीत के साथ सभी रस्म अदा की जा रही है।




