petrol pump strike : सावधान… 25 मई को शाम 7 से 9 बजे तक पूरे एमपी में नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, यह है इसकी वजह
♦ उत्तम मालवीय, बैतूल
पूरे मध्यप्रदेश में 25 मई (बुधवार) को शाम 7 बजे से रात्रि 9 बजे तक किसी भी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल या डीजल नहीं मिलेगा। इसकी वजह यह है कि प्रदेश भर के पेट्रोल पंप संचालक 2 घंटे पेट्रोल पंप बंद रखेंगे। पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन मध्यप्रदेश द्वारा ऑयल कंपनी की अन्यायपूर्ण नीतियों के विरोध में यह कदम उठाया जा रहा है। ऐसे में यदि बुधवार को रात में कोई जरुरी काम हो और वाहन में पेट्रोल न हो तो पहले ही व्यवस्था जरुर कर लें।
एसोसिएशन द्वारा इस संबंध में मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र लिख कर सूचित कर दिया गया है। हालांकि इस सांकेतिक हड़ताल के दौरान आपात कालीन सेवाएं और शासन-प्रशासन को पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति जारी रहेगी। एसोसिएशन ने यह चेतावनी भी दी है कि यदि उनकी मांगों को नहीं माना गया तो भविष्य में अनिश्चितकालीन भी करने को मजबूर होना पड़़ेगा।
एसोसिएशन की ओर से राज्य स्तरीय समन्वयक, कार्यकारी निदेशक, इंडियन आयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड भोपाल को भी 23 मई को इस संबंध में पत्र सौंपा जा चुका है। उक्त पत्र में कहा गया है कि 4 नवम्बर 2021 एवं 5 नवम्बर 2021 को भारत सरकार द्वारा डीजल पर 15 रुपए प्रति लीटर एवं पेट्रोल पर 10 रु प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी की कटौती की गई थी। 22 मई 2022 को डीजल पर 7 रुपए प्रति लीटर एवं पेट्रोल पर 9.5 रुपए प्रति लीटर की कटौती की गई है।
भारत सरकार के इस कदम का पूरा डीलरशिप एसोसिएशन स्वागत करता है। लेकिन इस तरह से की गई कटौती से मध्यप्रदेश के राज्य के प्रत्येक डीलर को एक्साइज ड्यूटी की कटौती से 12 से 15 लाख रुपए का नुक्सान उठाना पड़ा है। जबकि डीलर द्वारा डीजल-पेट्रोल की खरीद पर एडवांस/पूर्व में एक्साइज ड्यूटी पेड की जाती है। इस स्थिति में एक्साइज ड्यूटी घटने पर हमारे द्वारा एडवांस में पेड की गई ड्यूटी का हमें रिफंड किया जाना चाहिए।
पेट्रोल पंप डीलर्स का पेट्रोल एवं डीजल पर कमीशन पिछले कई वर्षों से नहीं बढ़ाया गया है। जबकि पेट्रोल 60 रुपए प्रति लीटर एवं डीजल 50 रुपए प्रति लीटर था, तब भी हमारा कमीशन उतना ही था जितना कि बिक्री मूल्य 120 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल एवं 101 रुपए प्रति लीटर डीजल होने पर है। इसके विपरीत बिक्री मूल्य में सरकार और आयल कम्पनी द्वारा 100 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी गई है।
भारत वर्ष में महंगाई दर असमान छू रही है। उसके बावजूद पेट्रोल पंप डीलर्स के प्रति सरकार एवं आयल कम्पनी की कोई सहनुभूति नहीं है। हम मध्यप्रदेश के समस्त डीलर यह मांग करते हैं कि हमारा पेट्रोल-डीजल पर मिलने वाला कमीशन बिक्री मूल्य का 5 प्रतिशत निर्धारित किया जाएं। साथ ही नई कमीशन दर वर्ष 2017 से लागू कर डीलर्स को भुगतान किया जाएं।
आयल कम्पनियों द्वारा डीलर्स को जबरन बिना डिमांड बिना किसी इंडेंट के 5-5 लाख रुपए का आयल बिल किया जा रहा है। जबकि डीलर्स की आर्थिक स्थिति वैसे ही कमजोर है। उसके बावजूद डीलर को जबरन आयल का बिल कर दिया जाता है। मार्केट में मंदी की वजह से आयल की बिक्री पेट्रोल पंप से नहीं हो पा रही है। हिन्दुस्तन पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों द्वारा पहले डीलर्स को जबरन आयल बिल किया जाता है।
फिर उसका भुगतान डीलर की बिना सहमति के पेट्रोल-डीजल अकाउंट से काट लिया जाता है। इस वजह से एचपीसीएल के 75 प्रतिशत डीलर्स की यह स्थिति हो गई है कि उनके पास लाखों रुपए का आयल स्टॉक पेट्रोल पंप पर खराब हो रहा है। उनके पास अब पेट्रोल-डीजल मंगवाने का पैसा भी नहीं बचा है। जिसकी वजह से मध्यप्रदेश में एचपीसीएल के अनेक पेट्रोल पंप ड्राई पड़े हुए हैं।
एसोसिएशन ने मांग की है कि उपरोक्त समस्त मांगों को मानते हुए 4 नवम्बर 2021 एवं 22 मई 2022 को एक्साइज ड्यूटी में कटौती की वजह से डीलर्स को हुए नुकसान का मूल्यांकन कर प्रतिपूर्ति करें। पेट्रोल-डीजल पर डीलर्स को मिलने वाला कमीशन बिक्री मूल्य का 5 प्रतिशत निर्धारित किया जाएं। आयल कम्पनी मुख्यत: एचपीसीएल द्वारा किये जा रहे जबरन ऑयल बिल को तत्काल रोका जाएं।
दामों में कमी: लोगों की बल्ले-बल्ले, डीलर्स का निकला दीवाली पर दिवाला
हम मध्यप्रदेश के समस्त डीलर्स द्वारा की गई उपरोक्त जायज मांगों को सहानुभूति पूर्वक विचार कर मानने की कृपा करें। अन्यथा हम समस्त डीलर्स को मजबूरीवश 25 मई 2022 दिन बुधवार को शाम 7 बजे रात्रि 9 बजे तक सम्पूर्ण मध्यप्रदेश के पेट्रोल पंप को बंद रख कर हड़ताल करेंगे। उसके उपरांत भी अगर हमारी मांगों को नहीं माना गया तो हमें मजबूरन अनिश्चितकालीन अपने पेट्रोल पंप को बंद करने पर मजबूर हो जाएंगे।



