male skeleton identified : ग्राम डोंगरपुर के जंगल में मिले नर कंकाल की हुई शिनाख्त, मासोद निवासी के रूप में हुई पहचान
▪️ विजय सावरकर, मुलताई
male skeleton identified : थाना क्षेत्र के ग्राम मासोद के समीप ग्राम डोंगरपुर से 4 किलोमीटर दूर स्थित जंगल की ऊंची पहाड़ी पर बीते 1 सितंबर को मिले नर कंकाल की शिनाख्त हो गई है। पुलिस ने नर कंकाल ग्राम मासोद के इंदिरा कॉलोनी निवासी ग्रामीण बिसन पिता उत्तम कंगाली 45 साल का होने की पुष्टि की है।
गौरतलब है कि ग्राम डोंगरपुर निवासी शिवदास मवेशी चराने जंगल की ऊंची पहाड़ी पर गया था। उसे पहाड़ी पर गमछे से पेड़ पर लटका कंकाल दिखा। जिसकी हड्डियां नीचे गिरी हुई थी। शिवदास की सूचना पर मासोद पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विजयसिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक बलराम सरियाम, आरक्षक मनीष पटेल, पलक सोलंकी मौके पर पहुंचे थे। जहां पेड़ से लटका गमछा, गले की दो माला, हाथ की अंगूठी, फटी गली ब्लैक टी शर्ट और डार्क ग्रीन कलर की पेंट मिली थी।
उप निरीक्षक विजयसिंह ठाकुर ने बताया मृतक बिसन शराब पीने का आदि था। उसकी पहली पत्नी की मौत हो गई। मृतक के दो पुत्र और एक पुत्री है। बिसन होली के दूसरे दिन धुरेंडी से घर से लापता था। परिजनों ने गुमशुदगी इसलिए दर्ज नहीं की थी कि बिसन अक्सर मजदूरी करने के लिए महाराष्ट्र जाता था। तीन चार महीने तक घर नहीं लौटता था। जब मृतक के परिजनों को जंगल में नर कंकाल के पास मिले सामान की जानकारी मिली तो उन्हे संदेह हुआ।
- Read Also : अब खेड़ीकोर्ट स्कूल से गायब मिले आधे शिक्षक, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बनाया पंचनामा, करेंगे शिकायत
मृतक की दूसरी पत्नी बबीता और पुत्र समीर पुलिस चौकी पहुंचे तो उन्हें नर कंकाल के पास मिली दो माला दिखाई। माला देखने के बाद समीर और बबीता ने यह माला बिसन कंगाली द्वारा पहने जाने की पुष्टि की। उप निरीक्षक श्री ठाकुर ने बताया कि नर कंकाल का भोपाल में पोस्टमार्टम करा लिया है। प्रथम दृष्टया बिसन कंगाली द्वारा आत्महत्या किए जाना प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।



