MP Heavy Rain Alert: अगले 24 घंटे इन 26 जिलों के लिए भारी; कहीं अति भारी तो कहीं होगी भारी बारिश, अलर्ट जारी
MP Heavy Rain Alert: कई सिस्टम एक्टिव होने के कारण मध्यप्रदेश में एक बार फिर मानसून पूरी ताकत से सक्रिय है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार झमाझम बारिश हो रही है। वहीं अगले 24 घंटे भी प्रदेश के 26 जिलों के लिए भारी पड़ने वाले हैं। इनमें से 9 जिलों में अति भारी और 17 जिलों में भारी बारिश होगी। मौसम विभाग ने इसके मद्देनजर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम केंद्र भोपाल द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार इन दिनों कई सिस्टम एक्टिव हैं जो कि प्रदेश में भारी बारिश करा रहे हैं। प्रदेश में बारिश का यह दौर खासतौर पर मालवा, निमाड़ और विंध्य क्षेत्र में ज्यादा असर दिखा रहा है। एक सुस्पष्ट निम्न दाब क्षेत्र, उत्तरी ओडिशा तट से दूर, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में अवस्थित है। इससे जुड़ा चक्रवातीय परिसंचरण माध्य समुद्र तल से 7.6 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है और ऊँचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुक रहा है।
मानसून ट्रफ करा रहा MP Heavy Rain Alert
वर्तमान में मानसून ट्रफ, माध्य समुद्र तल पर बीकानेर, जयपुर, दमोह, पेंड्रा रोड, संबलपुर, उत्तरी ओडिशा तट से दूर बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में सुस्पष्ट निम्न दाब क्षेत्र के केंद्र से होकर दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है। एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण दक्षिण हरियाणा और निकटवर्ती क्षेत्रों में सक्रिय है।
पश्चिमी विक्षोभ से भी MP Heavy Rain Alert
एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण विदर्भ और निकटवर्ती क्षेत्रों में माध्य समुद्र तल से 5.8 और 7.6 किमी की ऊंचाई के मध्य सक्रिय है। पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और संलग्न पंजाब के ऊपर एक चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में माध्य समुद्र तल से 3.1 और 4.5 किमी की ऊंचाई पर अवस्थित है। एक ट्रफ भी विस्तृत है।

इन जिलों में अति भारी बारिश का MP Heavy Rain Alert
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 24 घंटे कई जिलों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, देवास और सीहोर जिले में अति भारी बारिश होने की संभावना है। यहां 8 इंच से अधिक पानी गिर सकता है। इतनी अधिक बारिश का असर खेतों और बस्तियों पर भी दिख सकता है।
इन जिलों में भारी बारिश की MP Heavy Rain Alert
भोपाल, गुना, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, उज्जैन, इंदौर, रतलाम, धार, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट जिले में भी तेज बारिश का अनुमान है। यहां मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में साढ़े 4 इंच तक बारिश हो सकती है।

मध्यप्रदेश में MP Heavy Rain Alert की यह है स्थिति
प्रदेश में इस साल बारिश का कोटा पहले ही पूरा हो चुका है। बड़े शहरों की स्थिति देखें तो भोपाल में अभी तक 35.58 इंच, इंदौर में 21.44 इंच, जबलपुर में 39.94 इंच, ग्वालियर में 44.17 इंच और उज्जैन में 25.16 इंच बारिश हो चुकी है। इंदौर और उज्जैन को छोड़कर बाकी में औसत से ज्यादा बारिश हुई है।
इन जिलों में जमकर मेहरबान रहा मौसम
प्रदेश के कुछ जिलों में इस बार मौसम ने खासी मेहरबानी दिखाई। गुना में अब तक 58.65 इंच (26.43 इंच ज्यादा), मंडला में 55.42 इंच (14.97 इंच ज्यादा), श्योपुर में 54.64 इंच (31.41 इंच ज्यादा), रायसेन में 53.23 इंच (16.59 इंच ज्यादा) और शिवपुरी में 52.22 इंच (25.54 इंच ज्यादा) बारिश हो चुकी है।
यहां देखें मौसम विभाग द्वारा जारी वीडियो बुलेटिन…
इन जिलों को और बारिश की दरकार
दूसरी ओर कई जिले ऐसे हैं जहां औसत से काफी कम बारिश हुई है। इन जिलों में अभी और बारिश की दरकार है। इनमें इंदौर में 21.44 इंच, खरगोन में 22.74 इंच, शाजापुर में 23.93 इंच, बड़वानी में 24.26 इंच और खंडवा में 24.38 इंच बारिश ही हो सकी है।
भोपाल में बारिश से शहर की रफ्तार थमी
राजधानी भोपाल में बुधवार रात से ही बारिश का दौर जारी है। कहीं हल्की तो कहीं तेज बौछारें गिर रही हैं। लगातार बारिश से शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया है। निचली बस्तियों में लोगों को घर से बाहर निकलने में दिक्कत हो रही है। ट्रैफिक पर भी असर देखने को मिल रहा है।
MP Heavy Rain Alert से इंदौर में रेस्क्यू ऑपरेशन
इंदौर में बुधवार देर रात से तेज बारिश हो रही है। बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया। कृष्णपुरा पुल के पास नदी में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे दो लोग फंस गए। नगर निगम और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत और बचाव कार्य में एसडीआरएफ की टीम भी जुटी रही।
MP Heavy Rain Alert का यह भी असर
लगातार हो रही बारिश का असर इंदौर जिले के यशवंत सागर डैम पर भी दिखाई दे रहा है। बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद गुरुवार सुबह एक और गेट खोला गया। इस तरह अब कुल दो गेटों से पानी छोड़ा जा रहा है। नतीजतन कान्ह नदी का बहाव तेज हो गया है। आसपास के गांवों और निचले इलाकों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
- यह भी पढ़ें : Krishi Yantra Yojana: किसानों के लिए अनुदान पर कृषि यंत्र लेने का सुनहरा मौका, शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया
MP Heavy Rain Alert से नगर निगम ने संभाला मोर्चा
इंदौर में पानी भरने की स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम की टीम लगातार सक्रिय है। आपदा प्रबंधन दल रात भर सड़कों और नालों की सफाई में जुटा रहा। कई जगहों पर चोक चैंबर खोले गए ताकि पानी का बहाव बाधित न हो। अग्रसेन प्रतिमा के पास सड़क पर पानी भरने से स्थिति बिगड़ने लगी थी। अंधेरे में कार की हेडलाइट जलाकर टीम ने काम पूरा किया।
तवा डैम से लगातार पानी छोड़ा जा रहा
नर्मदापुरम जिले के इटारसी और आसपास के क्षेत्रों में भी तीन-चार दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसका सीधा असर तवा डैम पर पड़ा है। बांध का जलस्तर खतरनाक स्तर की ओर बढ़ने के बाद तीन गेट 5-5 फीट तक खोले गए हैं। इससे लगभग 25 हजार क्यूसेक पानी नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा है। डैम प्रबंधन का कहना है कि पिछले 15 दिनों से गेट खुले हुए हैं। अब भी लगातार पानी छोड़ा जा रहा है ताकि बांध पर दबाव न बढ़े।
MP Heavy Rain Alert का गांवों और खेतों पर असर
लगातार हो रही बारिश से खेतों में पानी भरने लगा है। सोयाबीन, मक्का और अन्य खरीफ फसलों पर इसका असर दिख सकता है। जहां बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है, वहीं अत्यधिक पानी भरने से फसल खराब होने का डर भी है। निचले इलाकों में रह रहे ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
- यह भी पढ़ें : MP Fertilizer Distribution: खाद वितरण में गड़बड़ी पर कलेक्टर होंगे जिम्मेदार, सीएम मोहन यादव की सख्त चेतावनी
मौसम विभाग की MP Heavy Rain Alert चेतावनी और सुझाव
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 72 घंटे प्रदेश के कई जिलों के लिए भारी बारिश वाले साबित हो सकते हैं। इस दौरान लोगों को सतर्क रहना होगा। नदियों और नालों के पास जाने से परहेज करें। प्रशासन की ओर से निचले इलाकों में रह रहे लोगों को पहले से ही सतर्क किया जा रहा है।
MP Heavy Rain Alert के लिए यह हैं तैयारियां
प्रदेश में आपदा प्रबंधन दल अलर्ट मोड पर है। जिला प्रशासन की टीमें गांव-गांव जाकर लोगों को सुरक्षा उपाय समझा रही हैं। इंदौर, भोपाल, नर्मदापुरम और उज्जैन जैसे बड़े जिलों में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाने के लिए एसडीआरएफ और नगर निगम की टीमें लगातार ड्यूटी पर हैं।
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



