MP Weather Alert: आज इन 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, भोपाल-जबलपुर में होगी हल्की वर्षा
MP Weather Alert: मध्यप्रदेश के कई जिलों से मानसून बिदा हो चुका है। वहीं दूसरी ओर कई जिलों में बिदा होता मानसून जमकर बारिश करा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को अच्छी बारिश हुई। दूसरी ओर आज रविवार को भी प्रदेश के 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। इसके अलावा भोपाल-जबलपुर सहित कई जिलों में हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होगी।
मौसम केंद्र भोपाल ने इंदौर संभाग के अलीराजपुर, धार, बड़वानी और खरगोन जिलों के लिए रविवार को भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा भोपाल और जबलपुर में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। राज्य के अन्य हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। शनिवार को भी राजधानी भोपाल, जबलपुर और नर्मदापुरम में तेज वर्षा हुई थी।

शनिवार को इन जिलों में बरसे बदरा
नर्मदापुरम जिले के इटारसी में शनिवार रात भारी बारिश होने से तवा डैम का जलस्तर बढ़ गया। इसके चलते तीन गेट खोलने पड़े। इटारसी में अब तक 53 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। नर्मदापुरम शहर में भी शनिवार सुबह करीब एक घंटे तक तेज वर्षा हुई। भोपाल में दिन के समय हल्की बूंदाबांदी हुई लेकिन देर रात तेज पानी गिरा।
जबलपुर और खरगोन में भारी बारिश
जबलपुर में शनिवार सुबह से बादल छाए रहे और दोपहर में जोरदार वर्षा हुई। खरगोन जिले के कसरावद क्षेत्र में हवा के साथ 45 मिनट तक तेज बारिश हुई। आसपास के गांवों जैसे सरवर देवला, भनगांव, उटावद, बोरावा, सावदा और ओझरा में भी मौसम बिगड़ा। अचानक हुई वर्षा के चलते किसानों को कपास की चुनाई रोकनी पड़ी। किसानों का कहना है कि यह बारिश कपास और सोयाबीन के लिए नुकसानदेह हो सकती है।

इन जिलों में भी बरसते रहे बादल
प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार को बारिश दर्ज की गई। बैतूल, रायसेन, राजगढ़, रतलाम, श्योपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, मंडला, नरसिंहपुर, छतरपुर, रीवा, सागर, सिवनी, टीकमगढ़, उमरिया, बालाघाट और बड़वानी जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की वर्षा होती रही।
- यह भी पढ़ें : MP IAS SAS Transfer 2025: एमपी में प्रशासनिक सर्जरी: 26 IAS और SAS अधिकारियों के तबादले
बैतूल में अभी तक 978.7 मिमी बारिश
बैतूल जिले में इस वर्ष अभी तक 978.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। यहां की औसत वर्षा 1083.9 मिलीमीटर मानी जाती है। पिछले साल इसी अवधि तक 1005.9 मिलीमीटर पानी गिरा था। इस बार जिले में अब तक सामान्य से कम वर्षा हुई है।
बीते 24 घंटे में इतनी बारिश दर्ज
बीते 24 घंटे में बैतूल जिले में औसतन 26 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। अलग-अलग तहसीलों की बात करें तो बैतूल में 46.4, घोड़ाडोंगरी में 23, चिचोली में 22, शाहपुर में 30, मुलताई में 12, प्रभात पट्टन में 33.5, आमला में 8, भैंसदेही में 7, आठनेर में 30.3 और भीमपुर में 48 मिलीमीटर बारिश हुई।
उज्जैन जिले से मानसून हुआ विदा
शनिवार को उज्जैन जिले से मानसून पूरी तरह से विदा हो गया। इसके साथ ही अब तक 12 जिलों से मानसून की विदाई हो चुकी है। इन जिलों में ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर और रतलाम शामिल हैं। वहीं, राजगढ़ और अशोकनगर के कुछ इलाकों से भी मानसून लौट चुका है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में धीरे-धीरे पूरे प्रदेश से मानसून विदा हो जाएगा।
6 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश से बिदाई
इस साल मानसून ने 16 जून को मध्यप्रदेश में दस्तक दी थी। यह आगमन सामान्य समय से एक दिन बाद हुआ था। अब धीरे-धीरे इसकी वापसी हो रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 6 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश से मानसून पूरी तरह लौट जाएगा।
- यह भी पढ़ें : SSC Delhi Police CAPF SI Recruitment 2025: दिल्ली पुलिस और CAPF में SI भर्ती, 3000 से ज्यादा पद, ऐसे करें आवेदन
एमपी में अब तक 44.3 इंच वर्षा दर्ज
16 जून से अब तक प्रदेश में औसतन 44.3 इंच वर्षा दर्ज की जा चुकी है। सामान्य स्थिति में इस अवधि तक 37.1 इंच पानी गिरना चाहिए था। यानी अब तक प्रदेश में औसतन 7.2 इंच ज्यादा बारिश हो चुकी है। इस तरह इस बार की वर्षा सामान्य से लगभग 118 प्रतिशत अधिक है। प्रदेश की औसत बारिश का लक्ष्य पिछले सप्ताह ही पूरा हो गया था।
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



