राजस्व विभाग की प्रताड़ना से त्रस्त पिता-पुत्र ने एक साथ पीया कीटनाशक

बैतूल की प्रभातपट्टन तहसील के ग्राम धाबला में राजस्व विभाग की प्रताड़ना से तंग आकर शनिवार दोपहर में एक पिता-पुत्र ने एक साथ कीटनाशक दवा पीकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। साईंखेड़ा पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में मुलताई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उनका इलाज चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धाबला निवासी राजू पिता डोमाजी बारस्कर (40) के दो पुत्र हैं। आज दोपहर में वे और उनका एक पुत्र रवि बारस्कर घर पर ही थे। इस दौरान दोनों ने गोभी पर छिड़कने वाला कीटनाशक पदार्थ पी लिया। दोनों को गम्भीर हालत में मुलताई अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यहां रवि ने बताया कि उनका गांव में 20 साल पुराना मकान है। राजस्व विभाग उनके पट्टे को फर्जी बताकर उन्हें बेदखल करना चाहता है। पिछले दिनों किसी ने उनके मकान में आग भी लगा दी थी। इससे घर के सामने स्थित पंक्चर की दुकान भी जल गई थी। इन्हीं कारणों से त्रस्त होकर उन्होंने यह कदम उठाया।
रवि के अनुसार वह भोपाल से एमटेक कर रहा है और जैसे-तैसे रोजी-रोटी का जुगाड़ हो पाता है। शनिवार दोपहर में तहसील कार्यालय से एक कर्मचारी घर आया और उसकी मां उषा बाई से पिता के बारे में पूछा। उस समय वे दोनों खेत में थे। उषा बाई ने मोबाइल पर काल करके उनको बुलवाया। रवि के पहुंचने पर कर्मचारी नोटिस को लेकर बहस करने लगा। उसने जेल भेजने की धमकी भी दी। इसी डर से राजू ने कीटनाशक पी लिया।
इसके बाद रवि ने भी पी लिया। कीटनाशक पीने के बाद रवि ने साईंखेड़ा टीआई मुकेश ठाकुर को कॉल करके कीटनाशक पी लेने की जानकारी दी। इस पर वे तत्काल धाबला पहुंचे और दोनों को मुलताई अस्पताल लेकर आए। रवि ने तहसीलदार और नायब तहसीलदार पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं।
पिता-पुत्र के बयान लिए हैं। इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी है। अधिकारियों के निर्देश मिलने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
मुकेश ठाकुर
टीआई, थाना साईंखेड़ा



