bhari barish ka asar : शिवधाम सालबर्डी हुआ पानी-पानी, भारी बारिश और तेज बहाव से बही पूजन सामग्री की दुकानें, घंटों बंद रहा मोर्शी मार्ग
▪️ विजय सावरकर, मुलताई
महाराष्ट्र प्रदेश की सीमा पर स्थित मुलताई तहसील क्षेत्र के तीर्थ स्थल शिवधाम सालबर्डी में भी सोमवार रात्रि से तेज बारिश हुई। इसके चलते मंगलवार सुबह से नदी-नालों में बाढ़ की स्थिति निर्मित हो गई। वहीं पानी के तेज बहाव की चपेट में आने से पूजन सामग्री की दुकानों में पानी प्रवेश कर गया। इससे दुकानों में रखा सामान बह गया। उधर सालबर्डी-मोर्शी मार्ग पर भी आवागमन घंटों तक बंद रहा।
ग्रामीण गुलाब इवने ने बताया सोमवार रात्रि में तेज बारिश हुई। मंगलवार सुबह भी तेज और रिमझिम बारिश जारी रही। इससे क्षेत्र की नदी-नालों में पानी का बहाव बढ़ गया। साथ ही पहाड़ी क्षेत्र से भी पानी का बहाव जारी था। इधर पहाड़ी पर स्थित गुफा (भुयार ) पर जाने वाले मार्ग की पहली पायरी के पास लगी अशोक खातरकर और उत्तम मड़ीकर की पूजन सामग्री की दुकान है। वहीं राजू मडीकर की स्वल्पाहार की दुकान है। इन सभी दुकानों में पानी भर गया और वहां रखा सारा सामान बह गया। इधर गंगा मेल के पास लगी बलदेव इवने की पूजन सामग्री की दुकान में रखा सामान भी पानी के बहाव की चपेट में आने से बह गया।

ग्रामीणों ने बताया कि तेज बारिश के चलते सालबर्डी से महाराष्ट्र के मोर्शी जाने वाले मार्ग पर स्थित माडू नदी में बाढ़ आ गई। मार्ग पर स्थित नदी की पुलिया के ऊपर से 2 से 3 फीट पानी का बहाव जारी रहा। इससे इस मार्ग से आवागमन अवरुद्ध हो गया। सुबह 9.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक पुलिया पर पानी का बहाव जारी रहा। इस बीच आवागमन अवरुद्ध रहा। जिसके कारण ग्रामीणों को आवागमन के लिए परेशान होना पड़ा। दोपहर में बारिश रुकने पर बाढ़ कम हुई। दोपहर 1 बजे के बाद से पुलिया पर से आवागमन प्रारंभ हो सका।
यह भी पढ़ें… New Car : ब्रेजा के बाद मार्केट में धमाल मचाने आ रही Maruti Vitara, क्रेटा से होगी सीधी टक्कर



