Betul News: पूर्व सैनिक महिला संघ ने किया शिक्षकों का सम्मान, हरियाली तीज भी मनाई
Betul News: Ex-Servicemen Women's Association honored teachers, also celebrated Hariyali Teej

Betul News: (बैतूल)। पूर्व सैनिक महिला संघ के द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। संघ की सदस्यों ने 5 सितंबर को धूमधाम से शिक्षक दिवस मनाया। इस मौके पर शिक्षकों का सम्मान किया गया। वहीं इससे पूर्व हरियाली तीज का पर्व भी उत्साह से मनाया गया। संघ द्वारा पर्यावरण की सुरक्षा की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। इसके लिए पर्यावरण सुरक्षा अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में संघ से जुड़ी महिला सदस्यों द्वारा शिक्षकों का सम्मान कर धूमधाम से शिक्षक दिवस मनाया। कार्यक्रम में श्रीमती शीला वराठे, श्रीमती दर्शना मस्की, रघुकुल अकादमी के संचालक अशोक रघुवंशी, कर्मा मंदिर के संस्थापक और वरिष्ठ कार्यकर्ता राम दियावार और शिवदयाल साहू, पूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष पंढरी दांगी और उनकी कार्यकारिणी के सदस्य भी उपस्थित रहे।
महिला संगठन की अध्यक्ष कविता साहू के नेतृत्व में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यकारिणी की सभी सदस्यों ने मिलकर इस कार्यक्रम को सफल बनाने में उनका पूरा सहयोग किया।
हरियाली तीज का पर्व मनाया
इससे पहले पूर्व सैनिक महिला संघ की सदस्यों ने मिलकर सावन के महीने में आने वाले तीज त्योहार भी मनाए। इसी तारतम्य में हरियाली तीज का प्रोग्राम संपन्न किया गया। जिसमें भारी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और प्रोग्राम को बहुत रोमांचक और शानदार बनाया। पूर्व सैनिक संघ की अध्यक्ष कविता साहू के नेतृत्व में यह कार्यक्रम हुआ जिसमें उनकी कार्यकारिणी की सभी महिलाओं द्वारा सहयोग किया गया।
मंदिर को भेंट किए पौधे
पूर्व सैनिक महिला संघ बैतूल द्वारा कर्मा माता मंदिर में अध्यक्ष कविता साहू की अध्यक्षता में पर्यावरण सुरक्षा अभियान कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिसमें सभी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भारी संख्या में पहुंचकर उन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाया। सभी महिलाओं ने मिलकर अपनी तरफ से मंदिर को पौधे भेंट दिए। ताकि इनका रोपण होने के बाद वे हरियाली बढ़ाने में सहयोगी बने।





