जापान की मदद से पाढर अस्पताल को मिलेगी हर्मोनिक्स स्काल्पल मशीन व अन्य उपकरण

जापान (Japan) की मदद से बैतूल जिले में स्थित पाढर अस्पताल (Padhar Hospital) को जल्द ही कुछ अत्याधुनिक उपकरण मिलने वाले हैं। इन उपकरणों से सम्बंधित प्रक्रिया को पूरी करने जापान के मुंबई स्थित वाणिज्य दूतावास के काउंसल जनरल सहित अन्य अधिकारी 21 फरवरी को पाढर आ रहे हैं। यह उपकरण जापान द्वारा ग्रांट्स फॉर ग्रास रूट प्रोजेक्ट के तहत मुहैया कराई जा रही है।
इस सम्बंध में पाढर अस्पताल के प्रशासक विकास सोनवानी ने बताया कि पाढर चिकित्सालय में मुंबई स्थित जापानी दूतावास (embassy) द्वारा ग्रांट्स फॉर ग्रास रूट प्रोजेक्ट (Grants for Grass Root Project) के माध्यम से नवीन हर्मोनिक्स स्काल्पल (harmonics scalpel) एवं रक्त कोष हेतु रक्त के विभिन्न घटकों के पृथक्करण हेतु उपकरण हेतु सहायता प्रदान की जा रही है।

इसी तारतम्य में कौंसल जनरल (Consul General) डॉ. यासुकता फुकाहोरी एवं कौंसल फॉर कल्चर एवं इनफार्मेशन सेक्शन नोरिताका ताउची आगामी 21/02/2022 को पाढर अस्पताल पहुंचकर कर इस योजना से सम्बंधित प्रक्रिया को पूर्ण करने हेतु उपस्थित होंगे।
श्री सोनवानी ने बताया कि हर्मोनिक्स स्काल्पल एक उन्नत प्रकार की कोटरी मशीन है। जिसमें कि शल्य क्रिया के दौरान मरीज का बहुत कम रक्त बहता है तथा मरीज जल्दी स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करता है। इसके साथ ही रक्त के विभिन्न घटकों को पृथक करने हेतु उपकरण के लिए भी सहायता प्रदान की जा रही है। जिसके कारण हमारे जिले के मरीजों को रक्त की विशेष आवश्यकता जैसे लाल रक्त कण, सफ़ेद रक्त कण, प्लेटलेट्स तथा प्लाज्मा की आवश्यकता होने पर परेशान नहीं होना पड़ेगा।
यह मरीजों के लिए बहुत लाभकारी सिद्ध होगी। इस उदार सहयोग से जिसके द्वारा हर्मोनिक्स स्काल्पल एवं रक्त कोष हेतु उपकरण द्वारा न केवल ग्रामीण एवं आदिवासी बाहुल्य जनता अपितु पूरे बैतूल जिले की सभी जनता को लाभ प्राप्त हो सकेगा। जापान के इस सहयोग से जिले के लोगों को बड़ी राहत प्राप्त होगी।



