मध्यप्रदेश अपडेट

Ladli Behna Yojana: लाड़ली बहना योजना को लेकर सीएम मोहन यादव का बड़ा ऐलान, 3000 रूपये की जाएगी राशि

Ladli Behna Yojana: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का कहना है कि राज्य की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से लाड़ली बहना योजना की राशि दीपावली के बाद बढ़ाकर 1500 रुपये प्रति माह की जाएगी। आने वाले वर्षों में इस राशि को क्रमशः बढ़ाते हुए वर्ष 2028 तक 3000 रुपये प्रति माह कर दिया जाएगा।

उन्होंने यह घोषणा मऊगंज जिले के देवतालाब स्टेडियम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में की। इस मौके पर उन्होंने जिले के विकास के लिए 241 करोड़ 33 लाख रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया तथा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए।

देवतालाब शिव मंदिर को बताया अद्भुत

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने देवतालाब के शिव मंदिर को अद्भुत बताया और कहा कि यहां पांच तत्वों का अनुभव होता है। उनका कहना था कि ऐसा अनोखा मंदिर केवल विश्वकर्मा द्वारा ही निर्मित किया जा सकता है। उन्होंने देवतालाब को काशी और प्रयागराज के साथ एक धार्मिक त्रिकोण का हिस्सा बताते हुए इसे आस्था, इतिहास और आध्यात्मिक आनंद का संगम करार दिया। यहां की मान्यता है कि देवतालाब के शिव का दर्शन करने से चारधाम यात्रा के बराबर पुण्य मिलता है।

प्रदेश के हर कोने में विकास की बयार

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कभी भी विकास कार्यों में संसाधनों की कमी नहीं आने दी। यही कारण है कि प्रदेश के हर कोने में विकास की बयार बह रही है। अन्य दलों की सरकारें हमेशा साधनों की कमी का बहाना बनाती रही हैं, जबकि वर्तमान सरकार ने हर स्तर पर विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने मऊगंज के संयुक्त जिला कार्यालय भवन का शिलान्यास किया और कन्या पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीब वर्ग के उत्थान के लिए सतत प्रयासरत है।

आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन पर दिया जोर

डॉ. यादव ने अपने भाषण में कहा कि हमारे गांव आत्मनिर्भरता की मिसाल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने स्वदेशी और स्वावलंबन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के कथन का उल्लेख किया कि 21वीं सदी भारत की होगी और कहा कि आज यह भविष्यवाणी साकार होती दिखाई दे रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब, किसानों, युवाओं और महिलाओं के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और उसी का परिणाम है कि आज भारत की गूंज पूरी दुनिया में सुनाई देती है।

हनुमना उद्वहन सिंचाई परियोजना

डॉ. यादव ने कहा कि खेत में काम करने वाले किसानों और सीमा पर डटे जवानों का सम्मान सरकार की प्राथमिकता है। किसानों को सिंचाई और बिजली की पर्याप्त सुविधा देने के लिए निरंतर कदम उठाए जा रहे हैं। हाल ही में हनुमना उद्वहन सिंचाई परियोजना को मंजूरी दी गई है, जिससे रीवा, सीधी, सिंगरौली और मऊगंज जिले के लाखों हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि रीवा के सोलर पावर प्लांट की बिजली आज दिल्ली मेट्रो को ऊर्जा दे रही है। साथ ही पतंजलि समूह द्वारा मऊगंज के घुरेहटा में कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना की जा रही है, जिसमें एक हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा और हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

पीएम आवास से मिले पक्के घर

मुख्यमंत्री ने बताया कि उज्ज्वला योजना के तहत हजारों परिवारों को गैस कनेक्शन मिले हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना से हजारों गरीब परिवारों को पक्के घर मिले हैं। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी लगातार विस्तार हो रहा है। देवतालाब के अस्पताल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड किया जाएगा और शासकीय महाविद्यालय में ऑडिटोरियम तथा अतिरिक्त कक्ष बनाए जाएंगे। अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए दो छात्रावासों का निर्माण किया जाएगा।

नई सड़कों का किया जाएगा निर्माण

बहुती जलप्रपात को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अष्टभुजी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण और जनजातीय क्षेत्रों में नई सड़कों के निर्माण की भी घोषणा की। उनका कहना था कि इन परियोजनाओं से न केवल क्षेत्र का विकास होगा बल्कि पर्यटन और रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।

लोक कलाकारों को दिया सम्मान

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में बनारस से आए लोक कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने कलाकारों को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। लोकनृत्य प्रस्तुत करने वाले दल के प्रत्येक सदस्य को 5-5 हजार रुपये और गायिका राखी द्विवेदी को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

परियोजनाओं से खुली विकास की राह

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री यादव के नेतृत्व में प्रदेश ने रिकॉर्ड समय में ऐतिहासिक विकास किया है। उन्होंने बताया कि हनुमना उद्वहन सिंचाई परियोजना के लिए 6 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह सड़क, नहर और माइक्रो इरिगेशन परियोजनाओं ने क्षेत्र के विकास की नई राहें खोली हैं।

रीवा में आयोजित इंडस्ट्रियल और पर्यटन कॉन्क्लेव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन आयोजनों से पूरे विंध्य क्षेत्र के लिए विकास के नए द्वार खुले हैं।

कार्यक्रम में यह भी रहे मौजूद

इस अवसर पर स्थानीय विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में मंत्री लखन पटेल, सांसद जनार्दन मिश्र, विधायक प्रदीप पटेल, सिद्धार्थ तिवारी, नरेंद्र प्रजापति और दिव्यराज सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल, प्रशासनिक अधिकारी और नागरिक भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल हुए।

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button