MP Weather Update: तूफान ने मचाई तबाही, टीन उड़े-खप्पर फूटे, महिला घायल, आज इन जिलों के लिए अलर्ट
MP Weather Update: मध्यप्रदेश में इन दिनों मौसम के 2 रूप देखने को मिल रहे हैं। एक ओर जहां कई जिले लू की चपेट में हैं, वहीं दूसरी ओर कई जिलों में प्री-मानसून की गतिविधियां चरम पर हैं। अगले कुछ घंटों में भी कई जिलों में आंधी-तूफान की स्थिति बनने की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। वहीं मानसून के 14 जुलाई के बाद आगे बढ़ने की संभावना है।
मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में भी एक ओर भीषण गर्मी ने हलाकान कर रखा है। वहीं दूसरी ओर कई क्षेत्रों में लोगों को आंधी-तूफान का सामना करना पड़ रहा है। जिले के प्रभात पट्टन ब्लॉक की ग्राम पंचायत गेहूंबारसा में बुधवार शाम को तेज हवा और आंधी-बारिश ने जमकर कहर बरपाया। इस तूफान में कई ग्रामीणों के घरों की टीन उड़ गई और खपरे फूट गए। कुछ घरों में बारिश का पानी घुस गया, जिससे घर का अनाज और जरूरी सामान पूरी तरह गीला हो गया।
महिला के सिर में चोट, टांके लगे (MP Weather Update)
इस घटना में रामकिशोर अनघोरे की पत्नी सुनीति अनघोरे के सिर में गंभीर चोट आई, जिन्हें टांके लगाने पड़े। ग्रामीणों की इस परेशानी की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत सदस्य उर्मिला गव्हाडे पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचीं और हर एक घर जाकर नुकसान का जायजा लिया।

एसडीएम मुलताई को दी जानकारी (MP Weather Update)
उन्होंने तुरंत एसडीएम मुलताई अनिता पटेल से मोबाइल पर चर्चा कर स्थिति से अवगत कराया और सभी पीड़ितों के नुकसान के आंकलन के लिए मौके पर तहसीलदार को भेजने की मांग की। एसडीएम ने शीघ्र ही तहसीलदार भेजकर सर्वे करवाने का आश्वासन दिया है। उर्मिला गव्हाडे ने कहा कि जिन परिवारों को नुकसान हुआ है, उन्हें सरकार की तरफ से उचित सहायता राशि दिलवाई जाएगी।
पीड़ित ग्रामीणों से की चर्चा (MP Weather Update)
इस दौरान उन्होंने रामकिशोर अनघोरे, संजय कावनपुरे, बंदरू सूर्यवंशी, पिंटू पडोले, सुरेश पाटिल, बाला सूर्यवंशी, मधु मालेवार, रमेश साहू, रामलाल सोनारे, संतोष डोगरपुरे, राजा कावनपुरे, कलावती इवने, गनेशी साहू, बंसी कुमरे, नंदों उइके सहित सभी पीड़ित ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी परेशानियों को सुना। ग्रामीणों ने शीघ्र सहायता दिलवाने की मांग की है ताकि वे अपने घरों की मरम्मत कर सकें और सामान्य जीवन शुरू कर सकें।

अगले कुछ घंटों में इन जिलों में बारिश (MP Weather Update)
इधर मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार सुबह तक भोपाल, विदिशा, रायसेन, सिहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, देवास, शाजापुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पांढुर्णा जिलों में वर्षा होगी या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेगी।

इन जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट (MP Weather Update)
इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, सिहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम जिलों में वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, देवास शाजापुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पांढुर्णा जिलों में वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मध्यप्रदेश में कब पहुंचेगा मानसून (MP Weather Update)
मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 3 दिनों में तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं आएगा। उसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट तापमान में आएगी। पश्चिमी मध्यप्रदेश और पूर्वी मध्यप्रदेश में पहले से तीसरे दिन तक लू की चेतावनी है। इधर 14 जून के आसपास मध्य और इससे सटे पूर्वी भारत के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है।
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



