Eklavya School Update: एकलव्य स्कूल का मेस ठेका होगा निरस्त, जुर्माना भी लगेगा, नर्स-काउंसर की सेवाएं होगी समाप्त
Eklavya School Update: बैतूल जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शाहपुर मामले में मेस का ठेका निरस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही ठेकेदार पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। वहीं स्टाफ नर्स और काउंसर की सेवा समाप्त की जा रही है। स्कूल के प्राचार्य को पहले ही भोपाल अटैच कर दिया गया है। दूसरी ओर एकलव्य स्कूल जोगली के औचक निरीक्षण में भी एसडीएम को कई खामियां मिली हैं।
गौरतलब है कि एकलव्य स्कूल शाहपुर की अव्यवस्थाओं से तंग आकर 2 दिन पहले सभी छात्र-छात्राओं ने कलेक्ट्रेट बैतूल की ओर पैदल मार्च शुरू कर दिया था। इसकी जानकारी मिलने पर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने उन्हें वापस भिजवाया और स्वयं स्कूल पहुंचे थे। छात्र-छात्राओं से चर्चा के बाद जो धांधलियां सामने आई थी, उसे लेकर सख्त कदम उठाए गए हैं।
मेस ठेकेदार का ठेका निरस्त
इस मामले में मध्यप्रदेश स्पेशल एंड रेसिडेंशियल एकेडिमिक सोसायटी भोपाल के आयुक्त द्वारा राष्ट्रीय आदिवासी छात्र शिक्षा समिति नई दिल्ली के आयुक्त को लिखे पत्र में जानकारी दी गई है कि कलेक्टर से प्राप्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर मेस ठेकेदार आलोक सिंह का अनुबंध निरस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। निविदा एवं अनुबंध की शर्तों के तहत पेनाल्टी भी अधिरोपित की जाएगी। इसके साथ ही नवीन निविदा होने तक विद्यालय स्तर पर मेस का नियमानुसार संचालन किया जाएगा।

इनकी होगी सेवा समाप्त
इसी पत्र में यह जानकारी भी दी गई है कि जांच प्रतिवेदन के अनुसार आउटसोर्स पर कार्यरत स्टॉफ नर्स सोनम हनोते और काउंसलर पूजा दुबे की सेवाएं समाप्त की जा रही है। प्राचार्य पंकज शरण को पहले ही भोपाल अटैच किया जा चुका है। प्राचार्य के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई भी प्रस्तावित है।
जोगली स्कूल में भी मिली धांधली
यह मामला सामने आने पर कलेक्टर ने सभी एकलव्य स्कूलों की जांच के आदेश दिए थे। इसी तारतम्य में चिचोली के जोगली स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में अनुविभागीय अधिकारी अभिजीत सिंह ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की कई गंभीर कमियां और अव्यवस्थाएं सामने आईं।

व्यवस्थाओं में दिखी लापरवाही
निरीक्षण दल में विकासखंड स्त्रोत समन्वयक नीरज गलफट, कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य और दो वरिष्ठ महिला शिक्षक शामिल रहे। विद्यालय परिसर की सफाई और रखरखाव ठीक पाए गए लेकिन छात्रावासों और अन्य व्यवस्थाओं में लापरवाही साफ झलकती दिखी।
शौचालयों में था गंदगी का अंबार
निरीक्षण के दौरान छात्रावासों के शौचालयों में गंदगी का अंबार नजर आया, कई दरवाजे टूटे और बाथरूम की नल व पाइपलाइनें जर्जर हालत में पाई गईं। छात्रावासों की खिड़कियों में मच्छर जालियां नहीं लगी थीं जिससे कमरों में मच्छरों का जमावड़ा था।

कमरों में घूम रहे थे कीड़े-मकोड़े
छात्रों के कमरों में अन्य कीड़े-मकोड़े भी दिखाई दिए। स्वास्थ्य कक्ष को स्टोर रूम बना दिया गया था और वहां एक्सपायरी डेट की दवाइयां पाई गईं जिन पर फफूंद लगी थी। आउटसोर्स की नर्स भी अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरतती पाई गई।
- यह भी पढ़ें : Eklavya School Shahpur: एकलव्य स्कूल शाहपुर मामले में पहला विकेट गिरा, प्राचार्य को किया भोपाल अटैच
भोजन में इल्ली मिलने की शिकायत
भोजन व्यवस्था में भी भारी अनियमितताएं मिलीं। छात्रों ने बताया कि मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं बनाया जाता और ज्यादातर बार आलू की सब्जी व खराब सोयाबड़ी ही परोसी जाती है। कई छात्रों ने भोजन में इल्ली मिलने की शिकायत भी की। छात्रावासों के स्टोर रूम में खराब पैकेट वाले नमकीन और पुराना जंक फूड रखा हुआ मिला। चार से पांच किलो भोजन रोजाना बचने की जानकारी सामने आई जो गंभीर समस्या है।
खराब पड़े हैं वाटर कूलर
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि वाटर कूलर और प्यूरीफायर खराब पड़े हैं, अग्निशमन यंत्र खाली पड़े थे और रटोर रूम बंद थे। प्राचार्य और शिक्षक पढ़ाते जरूर नजर आए लेकिन छात्रावास अधीक्षकों और विद्यालय प्रशासन की बड़ी लापरवाही उजागर हुई।
- यह भी पढ़ें : MP Breaking News: देर रात महिला को कॉल करते थे SDM, सीएम ने दिए निलंबित करने के निर्देश
तत्काल सुधार के दिए निर्देश
एसडीएम अभिजीत सिंह ने प्राचार्य और छात्रावास अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर तत्काल सुधार के निर्देश दिए और पूरी रिपोर्ट कलेक्टर को प्रेषित कर दी। निरीक्षण के बाद यह भी सामने आया कि विद्यालय प्रबंधन छात्रों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ कर रहा है।
पालकों को गुमराह करता स्टाफ
पालक समय-समय पर जब बच्चों की स्थिति देखने आते हैं तो प्राचार्य और शिक्षक उन्हें गुमराह कर देते हैं। विद्यालय के कार्यक्रमों में गांव के सरपंच, जनप्रतिनिधियों और मीडिया को नहीं बुलाया जाता जिससे अव्यवस्था छिपी रह सके और प्रबंधन मनमानी कर सके।
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



