Betul Congress Protest: बैतूल में किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, गैस सिलेंडर की अर्थी से जताया विरोध
Betul Congress Protest: Congress staged a massive demonstration in Betul on farmers' issues, protesting with a gas cylinder bier.

Betul Congress Protest: बैतूल में किसानों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को सियासी माहौल गरमा गया। कांग्रेस ने बड़े स्तर पर प्रदर्शन करते हुए न सिर्फ किसानों के मुद्दे उठाए, बल्कि रैली और धरने के जरिए प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाई। इस दौरान हजारों कार्यकर्ता और किसान सड़कों पर उतरे और कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
बैतूल में किसानों के समर्थन में उतरी कांग्रेस
गुरुवार 9 अप्रैल को जिला मुख्यालय बैतूल में कांग्रेस ने किसानों की समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय विनोद डागा ने किया। सबसे पहले शिवाजी ऑडिटोरियम में एक बड़ी जनसभा आयोजित की गई, जिसमें जिले के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में किसान, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
जनसभा के बाद सभी लोग रैली के रूप में कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े। हजारों की संख्या में शामिल लोगों ने शहर में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई और प्रशासन तक अपनी मांगें पहुंचाईं। कलेक्ट्रेट पहुंचकर राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।

किसान समस्याओं को लेकर सरकार पर आरोप
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले के किसान कई समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन शासन स्तर पर उन्हें राहत देने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गेहूं खरीदी में देरी हो रही है और किसानों को समर्थन मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है।
इसके अलावा ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है, जबकि खाद और यूरिया की कमी ने भी किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। नेताओं का कहना था कि इन हालातों के चलते किसान मजबूरी में अपनी उपज कम कीमत पर बेचने को विवश हैं।
- यह भी पढ़ें : MP Illegal Colonies New Rules 2026: मध्यप्रदेश में अवैध कॉलोनियों पर सख्ती की तैयारी, नए नियम से 50 लाख जुर्माना और 7 साल सजा
ज्ञापन में रखी गईं यह प्रमुख मांगें
कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में किसानों और आमजन से जुड़ी कई अहम मांगें शामिल की गईं। इसमें मुलताई, आठनेर और चिचोली समेत अन्य क्षेत्रों में ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग की गई। साथ ही रंगविहीन गेहूं की खरीदी सुनिश्चित करने की बात भी कही गई।
कांग्रेस ने गेहूं का समर्थन मूल्य 3000 रुपये, मक्का का 2400 रुपये और सोयाबीन का 6000 रुपये प्रति क्विंटल घोषित कर खरीदी शुरू करने की मांग रखी। इसके अलावा किसानों को 14 घंटे बिजली आपूर्ति देने, अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने और खाद-यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
ज्ञापन में सहकारी ऋण वसूली की अंतिम तिथि 30 अप्रैल तक बढ़ाने और उस पर लगने वाला ब्याज माफ करने की मांग की गई। साथ ही बिजली चोरी और नरवाई जलाने के नाम पर दर्ज मामलों को खत्म करने की भी मांग उठाई गई।

सामाजिक और स्थानीय मुद्दे भी उठाए
ज्ञापन में केवल किसानों के मुद्दे ही नहीं, बल्कि अन्य सामाजिक विषयों को भी शामिल किया गया। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में जोड़ों की संख्या बढ़ाने की मांग की गई। इसके साथ ही मेंढा डेम से प्रभावित ग्राम ढोल्यामहु के विस्थापितों के पुनर्वास और आदिवासी क्षेत्रों में पेयजल संकट के समाधान की बात भी प्रमुख रूप से रखी गई। ज्ञापन में असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्वा शर्मा द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर दिए गए बयान की निंदा करते हुए उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग भी की गई।
- यह भी पढ़ें : Indore Girl Suicide Case: इंदौर में युवती की मौत से सनसनी, घर में ही फांसी लगाकर दी जान, प्रेमी भी था मौजूद
गैस सिलेंडर की अर्थी निकालकर जताया विरोध
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर भी विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर की अर्थी निकालकर अनोखा प्रदर्शन किया। इसके बाद सिलेंडर का दहन कर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश की।
बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी
इस धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय विनोद डागा, विधानसभा प्रभारी गोपाल कृष्ण शर्मा, गोविंद व्यास, ब्रजभूषण पांडे, रामू टेकाम, समीर खान, लवलेश बब्बा राठौर, नारायण राव धोटे, सुभाष देशमुख, युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया, पूर्व विधायक पी.आर. बोड़खे, धरमू सिंह सिरसाम, राहुल उइके, मनोज मालवे, मोनिका निरापुरे, पुष्पा पेंद्राम, डॉ. रमेश काकोड़िया, मनोज आर्य, नत्थू पोटे, संजय सरदार यादव, अनुराग मिश्रा, जैद खान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और किसान शामिल हुए।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



