Betul Today News: नग्न अवस्था में मिला युवक का शव, शरीर पर हैं चोट के निशान, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
Betul Today News: Dead body of a young man found naked, there are injury marks on the body, fear of murder, police engaged in investigation

Betul Today News: (बैतूल)। जिले के सारनी थाना क्षेत्र के पाथाखेड़ा में एक युवक का नग्न अवस्था में शव मिला है। मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। जिससे युवक की हत्या होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। घटना को लेकर क्षेत्र में सनसनी का माहौल है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सारनी क्षेत्र के पाथाखेड़ा में राजू चौक के पास युवक महेश पिता मोतीलाल कुशवाह 30 वर्ष नग्न अवस्था में पड़ा मिला। जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। जिससे युवक की हत्या होने की आशंका जताई जा रही है।
युवक की मौत के संबंध में अभी परिजन भी कुछ कहने की स्थिति में नहीं है। पुलिस ने मृतक का जिला चिकित्सालय में गुरूवार सुबह पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि युवक के मौत के संबंध में परिजनों से पूछताछ की गई। इस दौरान युवक की मौत के संबंध में कुछ जानकारी नहीं दी गई है। मृतक का किसी से विवाद तो नहीं हुआ इस संबंध में भी जानकारी ली, लेकिन परिजनों ने किसी से कोई विवाद होने की जानकारी नहीं दी है।
जिला अस्पताल पुलिस चौकी में जीरो पर कायमी कर जांच के लिए सारनी थाना पुलिस को डायरी भेजी जाएगी। इसके बाद पुलिस मृतक के परिजनों के बयान दर्ज करेगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि युवक की हत्या हुई है या और किसी कारण से मौत हुई है। फिलहाल पुलिस युवक के मौत मामले की जांच में जुट गई है।



