BETUL MANDI NEW SYSTEM : मंडी में खरीदी की फिर बदली व्यवस्था, अब इस तरह होगी उपज की नीलामी, आदेश जारी, नई व्यवस्था से खरीदी भी शुरू

BETUL MANDI NEW SYSTEM: मध्यप्रदेश के बैतूल में कृषि उपज मंडी में कृषि उपज खरीदी की व्यवस्था एक बार फिर बदल गई है। नई व्यवस्था लागू किए जाने के सोमवार आदेश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही नई व्यवस्था से खरीदी भी शुरू कर दी गई है। यही कारण है कि मंडी में चल रहा गतिरोध आज खत्म हो गया। इसके साथ ही आज काफी मात्रा में कृषि उपज की खरीदी भी हुई।
पहले मंडी में यह व्यव्यस्था थी कि किसान अपनी उपज लाते थे और मंडी के शेडों और परिसर में उसके ढेर लगा देते थे। इसके बाद व्यापारी और मंडी कर्मचारी इन ढेरों पर पहुंचते थे। वे माल देखकर बोली लगाते थे। सौदा तय होने पर अनाज की तौलाई कर गोदाम में ले जाते थे। बीते माह से बैतूल मंडी में नई व्यवस्था लागू कर दी गई थी। इसमें केवल ट्रॉली में खुली उपज लाए जाने वाले किसानों का ही माल लिए जाने का प्रावधान किया गया था।
बैतूल जिला चूंकि छोटा और आदिवासी बहुल है। यहां अन्य जिलों की तरह बड़े किसान नहीं हैं। इसके चलते यहां एक ही ट्रॉली में कई किसान अपना माल मंडी तक लाते हैं। इसके चलते कई व्यवहारिक दिक्कतें आ रही थीं। यही कारण है कि किसान इस व्यवस्था का विरोध कर रहे थे। यही नहीं मंडी के हम्माल और तुलावटी भी इस व्यवस्था के विरोध में थे।

यही सब वजह है कि मंडी प्रबंधन ने आज से व्यवस्था बदल दी है। मंडी सचिव एसके भालेकर ने बताया कि आज 10 अक्टूबर से व्यवस्था बदल दी गई है। अब मंडी में ट्रॉली में खुला अनाज लाने वालों के साथ ही बोरों में अनाज लाने वाले किसानों का भी अनाज नीलाम किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मंडी प्रांगण में कृषकों की कृषि उपजों के नीलाम के संबंध में प्रथम प्राथमिकता ट्रैक्टर ट्रॉली/ वाहनों में खुली उपजों की नीलामी को दी जावेगी। तत्पश्चात एक ही वाहन में एक से अधिक कृषकों की कृषि उपज एवं एक ही वाहन में एक से अधिक प्रकार की कृषि उपज को एक साथ लाने पर छोटे-छोटे बोरे/शेडों में उपज का खुला नीलाम एवं तौल कार्य किया जावेगा।
उन्होंने जिले के किसानों से अनुरोध किया है कि अपनी कृषि उपज को मण्डी में शीघ्र विक्रय एवं तौल कार्य व त्वरित भुगतान हेतु अपनी कृषि उपज को ट्रेक्टर ट्राली या अन्य वाहन में खुली कृषि उपज विक्रय हेतु लायें ताकि नीलामी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण होकर उसी दिन आपको कृषि उपज का नगद भुगतान प्राप्त हो सके।

इससे पहले आज मंडी में उपज बेचने आए किसानों ने अपनी मांगों को लेकर हंगामा कर दिया था। इसकी सूचना मिलने पर भारसाधक अधिकारी मंडी प्रांगण पहुंचे और किसानों से चर्चा की। किसानों की समस्या सुनने के बाद प्रबंधन ने निर्णय लिया कि ट्रॉली व्यवस्था के साथ-साथ छोटे किसानों का अनाज शेड में ढेर लगाकर भी नीलाम किया जाएगा। नई व्यवस्था लागू होने के बाद किसानों ने राहत की सांस ली है। इधर इस व्यवस्था के चलते ही आज कई दिनों बाद मंडी में पर्याप्त आवक भी हुई।



