Specialist chor : बैतूल में पकड़ाए दो स्पेशलिस्ट चोर, एक वेयर हाउस विशेषज्ञ तो दूसरा मालगाड़ी से चोरी में माहिर

▪️ उत्तम मालवीय, बैतूल
चोरों का भी अपना-अपना पसंदीदा कार्यक्षेत्र और विशेषज्ञता होती है। कोई ट्रेन में चोरी का उस्ताद होता है तो कोई घरों-दुकानों में चोरी करने में माहिर होता है। कोई भरे बाजार लोगों की जेब से मोबाइल और पर्स उड़ाने के एक्पर्ट होते हैं तो कुछ मोटर साइकिलों को ही निशाना बनाते हैं। कुछ बेचारे ऐसे भी होते हैं जिनका कहीं कोई स्पेशलाइजेशन नहीं होता है। वे जब जो मिल जाए, उसी को चोर कर सबर कर लेते हैं।
हाल ही में बैतूल में भी ऐसे ही 2 चोर पकड़ाए हैं। जिन्हें अपने-अपने क्षेत्र के उस्ताद कहा जा सकता है। इनमें से एक तो शुद्ध रूप से वेयर हाउसों से चोरी का एक्सपर्ट हैं। वहीं दूसरे के बारे में माना जा सकता है कि वह मालगाड़ियों से ढोए जाने वाले माल की चोरी का विशेषज्ञ हैं। फिलहाल तो इसका एक ही मामला सामने आया है। लेकिन, पूछताछ में ऐसे और भी मामले सामने आ सकते हैं।
शाहपुर पुलिस ने पिछले 8 माह से फरार चल रहे निगरानी बदमाशा राजू उर्फ खुशबू पिता समलू वाडिया निवासी पाठई शाहपुर को गिरफ्तार किया है। इसके खिलाफ कई थानों में वेयरहाउसों से अनाज की चोरी के मामले दर्ज है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपने साथियों के साथ माह दिसम्बर में आकलपुर, चौकी बरखेड़ा में आरकेजी वेयर हाउस से 120 बोरी गेहूं चोरी किया गया था। इस पर उसके खिलाफ थाना औबेदुल्लागंज में प्रकरण दर्ज है।
इसी तरह आरोपी ने अपने साथियों के साथ जयदेव वेयरहाउस ग्राम ठीकरी से 182 मूंग की बोरियां चोरी की थी। इसका मामला थाना शाहगंज जिला सिहोर में दर्ज है। इसी तरह बिन्द्रा वेयर हाउस शाहगंज से 135 बोरा गेहूं चोरी किया था। वह जब फरारी में था, तो उस समय अपनी विशेषज्ञता नहीं दिखा पाया था। हालांकि खामोश तब भी नहीं रहा। उस समय उसने खारी बीट से 253 नग सागौन (14 घनफीट) लकड़ी भी चुरा ली थी।
आरोपी को उसके साथियों के साथ डकैती की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया गया था। इसी सूचना मिलने पर शाहपुर पुलिस ने उसे शाहगंज पुलिस थाना से शाहपुर पुलिस ने पूछताछ एवं कार्यवाही हेतु अभिरक्षा में लिया है। हो सकता है कि इस पूछताछ में उसकी विशेषज्ञता के कुछ और भी मामले सामने आ सके।

इधर आरपीएफ बैतूल ने एक ऐसे आरोपी को पकड़ा है जिसने मरामझिरी स्टेशन यार्ड में खड़ी मालगाड़ी से यूरिया की 24 बोरी उड़ा दी थी। आरपीएफ वैसे तो चाक चौबंद सुरक्षा के दावें करती है। वहीं स्टेशन पर भी चहल पहल रहती है। इसके बावजूद यूरिया की 24 बोरियां उड़ा देना मामूली काम नहीं है। हो सकता है कि ऐसी और भी घटनाओं को आरोपी ने अंजाम दिया हो, इसका खुलासा पूछताछ में हो सकता है।
जानकारी के मुताबिक 1 अगस्त को रेलवे स्टेशन मरामझिरी के यार्ड में पहली अप लूप लाइन पर खडी मालगाड़ी से किसी ने यूरिया की 24 बोरियां चुरा ली थी। यह बोरियां यार्ड में ही खंभा नंबर 1033-1035 के मध्य बनी पुलिया की दीवार के किनारे आस-पास की झाड़ियों में मिली थीं। जिन्हें जप्त कर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध आरपीएफ थाना बैतूल में अपराध दर्ज किया गया था।
आरोपी को पकड़ने आरपीएफ द्वारा मरामझिरी रेलवे स्टेशन एरिया में निगरानी रखी जा रही थी। इसी दौरान यहां एक व्यक्ति घूमता हुआ दिखाई दिया। उसे रोकना चाहा तो वह भागने लगा। जिसे घेरकर पकड़ा गया। आरोपी सुमित ओझा पिता रामसा धुर्वे उम्र-19 वर्ष निवासी मरामझिरी ने अपने 3 साथियों के साथ चोरी करना स्वीकार किया।
▪️ यह खबर आपने पढ़ी लोकप्रिय समाचार वेबसाइट http://betulupdate.com पर…



