जोर लगा के… केंद्रों पर जाने से पहले मतदान कर्मियों को लगाना पड़ा बसों को धक्का, फिर भी नहीं हिलीं तो जेसीबी की ली मदद

◼️विजय सावरकर, मुलताई
बारिश का मौसम भी अच्छी-खासी तैयारियों पर पानी फेर देता है। त्रि स्तरीय पंचायती चुनाव की तैयारियों को भी बीती रात हुई बारिश ने खासा प्रभावित किया। मतदान दलों को ले जाने के लिए अधिग्रहित कर खड़ी की गईं बसें कीचड़ में फंस गईं। मतदान कर्मियों और पुलिस जवानों ने इन्हें पहले तो धक्का मार कर निकालने का प्रयास किया। लेकिन, बसें हिली भी नहीं। इसके बाद जेसीबी की मदद से उन्हें निकाला गया।
एक जुलाई को मुलताई जनपद पंचायत क्षेत्र में जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच और ग्राम पंचायत के पंच पद के लिए वोट डाले जाएंगे। जिसके लिए आज गुरुवार को तहसील मुख्यालय से बसों के द्वारा निर्वाचन दल को मतदान केंद्रों पर पहुंचना था। इसके लिए अधिग्रहित की गई बसें सीएम राइज एक्सीलेंस स्कूल के खेल मैदान पर खड़ी की गई थीं।

बुधवार रात में हुई झमाझम बारिश से खेल मैदान कीचड़ में तब्दील हो गया। इसमें निर्वाचन दल को मतदान केंद्र तक ले जाने वाली बसें फंस गईं। बस चालकों द्वारा बसों को मैदान से निकालने का प्रयास किया गया। लेकिन, बसें कीचड़ में से नहीं निकल पाईं। ऐसे में फिर मतपेटी ले जाने वाले अधिकारी, कर्मचारी और पुलिसकर्मियों ने बस को धक्का देकर कीचड़ से बाहर निकालने का प्रयास किया।
इसके बावजूद बसें टस से मस नहीं हुईं। थक हार कर फिर प्रशासन को जेसीबी बुलाकर बसों में टोचन बांधकर बसों को मैदान से बाहर कराना पड़ा। इसके बाद कहीं निर्वाचन दल मतदान केंद्र की ओर रवाना हुआ। मतदान दलों को आज शाम तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचना है। वहां पहुंचकर वे कल सुबह से होने वाले मतदान की तैयारी करेंगे।



