बैतूल अपडेट

Betul Collector Action: बाइक पर गांव पहुंचे कलेक्टर, 3 साल से गायब शिक्षक पर टर्मिनेशन, सचिव निलंबित और रोजगार सहायक की सेवा समाप्त

Action by Betul Collector: Collector visits village on a motorcycle; teacher absent for three years dismissed, Panchayat Secretary suspended, and Employment Assistant's services terminated.

Betul Collector Action: बाइक पर गांव पहुंचे कलेक्टर, 3 साल से गायब शिक्षक पर टर्मिनेशन, सचिव निलंबित और रोजगार सहायक की सेवा समाप्त
Betul Collector Action: बाइक पर गांव पहुंचे कलेक्टर, 3 साल से गायब शिक्षक पर टर्मिनेशन, सचिव निलंबित और रोजगार सहायक की सेवा समाप्त

Betul Collector Action: बैतूल। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने बुधवार को प्रभातपट्टन विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम रगड़गांव स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला पहुंचकर शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता और स्कूल की आधारभूत सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और शिक्षकों से छात्र-छात्राओं की दर्ज संख्या तथा उपस्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों से कविता सुनाने के साथ ही जोड़, घटाव, गुणा और भाग से जुड़े प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता परखी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं लावण्या, दीपा तथा छात्र वीर की उन्होंने सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चों की आधारभूत शिक्षा (फाउंडेशन लर्निंग) पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि भविष्य की पढ़ाई के लिए उनकी मजबूत नींव तैयार हो सके।

निरीक्षण के दौरान सामने आया कि शिक्षक जयवंती अहाके पिछले तीन वर्षों से अनुपस्थित हैं। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित शिक्षक के विरुद्ध जांच कर टर्मिनेट करने की कार्रवाई करने तथा प्रकरण को लंबित रखने वाले संबंधित अधिकारी के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ सोनवणे ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर पेयजल, शौचालय, बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। शौचालय में पानी की टंकी नहीं होने पर उन्होंने पंचायत एवं शिक्षा विभाग को तत्काल टंकी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय में बिजली व्यवस्था सुचारू रखने और पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

उन्होंने मध्यान्ह भोजन कक्ष का निरीक्षण कर मेन्यू के अनुरूप भोजन तैयार होने की जानकारी ली तथा दाल एवं सब्जी की गुणवत्ता की जांच की। पंचायत को विद्यालय परिसर में बाउंड्री वॉल निर्माण एवं विद्यार्थियों के आवागमन की सुविधा के लिए पेविंग ब्लॉक लगाने के निर्देश दिए। वहीं परिसर में जर्जर भवन पाए जाने पर लोक निर्माण विभाग को उसे तत्काल  के निर्देश दिए।

Betul Collector Action: बाइक पर गांव पहुंचे कलेक्टर, 3 साल से गायब शिक्षक पर टर्मिनेशन, सचिव निलंबित और रोजगार सहायक की सेवा समाप्त
Betul Collector Action: बाइक पर गांव पहुंचे कलेक्टर, 3 साल से गायब शिक्षक पर टर्मिनेशन, सचिव निलंबित और रोजगार सहायक की सेवा समाप्त

सचिव को निलंबित और रोजगार सहायक की सेवा समाप्त करने के निर्देश

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने प्रभातपट्टन विकासखंड के ग्राम गेहूंबारसा का भ्रमण कर पंचायत भवन में ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने पेयजल, शिक्षा, बिजली , सड़क एवं अन्य जनसमस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति में आ रही समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए बताया गया घोघरी परियोजना से शीघ्र ही ग्राम में पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। एक ग्रामीण की अंत्येष्टि सहायता राशि तीन माह से लंबित पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित सचिव को निलंबित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिन बुजुर्गों और बच्चों का ई-केवाईसी लंबित है, उनका अभियान चलाकर शीघ्र समाधान करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने ग्राम पंचायत की विकास कार्ययोजना के अनुरूप स्वीकृत कार्य प्रारंभ नहीं किए जाने पर संबंधित उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं पंचायत भवन नियमित रूप से नहीं खुलने तथा शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पाए जाने पर ग्राम रोजगार सहायक की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए।

Betul Collector Action: बाइक पर गांव पहुंचे कलेक्टर, 3 साल से गायब शिक्षक पर टर्मिनेशन, सचिव निलंबित और रोजगार सहायक की सेवा समाप्त
Betul Collector Action: बाइक पर गांव पहुंचे कलेक्टर, 3 साल से गायब शिक्षक पर टर्मिनेशन, सचिव निलंबित और रोजगार सहायक की सेवा समाप्त

छात्रावास और स्कूल का निरीक्षण, गुणवत्ता पर जताई नाराजगी

भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने छात्रावास एवं माध्यमिक शाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास की नवीन इमारत शुरू होने में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। निरीक्षण में नवीन छात्रावास भवन की निर्माण गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने छात्रावास अधीक्षक को हटाने तथा संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावास तक पहुंच मार्ग को सीसी रोड से विकसित करने के भी निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने माध्यमिक शाला का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया। बच्चों की आधारभूत शिक्षा (फाउंडेशन लर्निंग) अपेक्षित स्तर से कमजोर पाए जाने पर उन्होंने शिक्षकों को नियमित अभ्यास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा मजबूत करने के निर्देश दिए।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी किया निरीक्षण

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने ग्राम के आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था शीघ्र पूर्ण कर केंद्र का संचालन जल्द प्रारंभ करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

Betul Collector Action: बाइक पर गांव पहुंचे कलेक्टर, 3 साल से गायब शिक्षक पर टर्मिनेशन, सचिव निलंबित और रोजगार सहायक की सेवा समाप्त
Betul Collector Action: बाइक पर गांव पहुंचे कलेक्टर, 3 साल से गायब शिक्षक पर टर्मिनेशन, सचिव निलंबित और रोजगार सहायक की सेवा समाप्त

सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे मंगलवार को जनपद प्रभातपट्टन के भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठकर आत्मीय संवाद कर सड़क, बिजली, पेयजल सहित विभिन्न जनसमस्याओं की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ग्रामीण महिलाओं ने प्रसूति सहायता योजना एवं जननी सुरक्षा योजना की राशि नहीं मिलने की समस्या कलेक्टर के समक्ष रखी। इस पर कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को ग्राम की ऐसी सभी पात्र महिलाओं का चिन्हांकन कर उनकी लंबित राशि एवं अन्य समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खाद्यान्न पर्ची में पात्र हितग्राहियों के नाम नहीं जुड़ने की शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित ग्राम सचिव को नोटिस जारी करने तथा सभी पात्र आवेदकों के नाम तत्काल जोड़ने के निर्देश सचिव को दिए।

इस दौरान ग्रामीणों ने पूरे गांव के बिजली कनेक्शन काटने तथा बिना अनुमति नल-जल योजना के कनेक्शन काटने की शिकायत भी की। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर डॉ सोनवणे एमपीईबी के जूनियर इंजीनियर विजय गुजरे को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही बिजली विभाग के अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने पंचायत की लिखित कार्ययोजना एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली। संतोषजनक जानकारी प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उन्होंने सरपंच एवं रोजगार सहायक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के प्रति नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एसडीएम को क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा ग्राम सभा का सुव्यवस्थित आयोजन कर विकास कार्ययोजना का अनुमोदन समयबद्ध रूप से कराने के सख्त निर्देश दिए।

Betul Collector Action: बाइक पर गांव पहुंचे कलेक्टर, 3 साल से गायब शिक्षक पर टर्मिनेशन, सचिव निलंबित और रोजगार सहायक की सेवा समाप्त
Betul Collector Action: बाइक पर गांव पहुंचे कलेक्टर, 3 साल से गायब शिक्षक पर टर्मिनेशन, सचिव निलंबित और रोजगार सहायक की सेवा समाप्त

बाइक पर सवार होकर समस्याओं की हकीकत जानने निकले कलेक्टर डॉ. सोनवणे

जनपद पंचायत प्रभातपट्टन के ग्राम सालबर्डी के भ्रमण के दौरान कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने ग्रामीणों की समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझने के लिए ग्रामीण युवक रोहित ताम्बूलकर की बाइक पर बैठकर पूरे गांव का भ्रमण किया। उन्होंने उन स्थानों का निरीक्षण किया, जहां ग्रामीणों ने नाली, सड़क और जल निकासी की समस्याओं की जानकारी दी थी।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि कई स्थानों पर समुचित जल निकासी नहीं होने से सड़कों पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पंचायत एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों से सुझाव लेकर प्राथमिकता के आधार पर नाली एवं सड़क निर्माण की कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र कार्य प्रारंभ किया जाए, ताकि लोगों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।

यहाँ देखें वीडियो…

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने कहा कि सालबर्डी प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक महत्व वाला प्रमुख स्थल है तथा इसे पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किए जाने की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने पंचायत को निर्देश दिए कि पर्यटन गतिविधियों के बढ़ने के साथ बाहर से आने वाले दुकानदारों एवं व्यवसायियों से नियमानुसार कर वसूली की व्यवस्था की जाए। इससे पंचायत की आय में वृद्धि होगी और उस राशि का उपयोग ग्राम में आधारभूत सुविधाओं के विकास एवं जनहित के कार्यों पर किया जा सकेगा।

ग्रामीणों ने कलेक्टर के इस जमीनी निरीक्षण और समस्याओं को मौके पर देखकर तत्काल समाधान के निर्देश देने पर ग्रामीण अभिभूत हुए और कलेक्टर को धन्यवाद दिए। इस दौरान एसडीएम श्री राजीव कहार, तहसीलदार श्री यशवंत गिन्नारे सहित अन्य मौजूद रहें।

सालबर्डी धाम को प्राकृतिक एवं धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा : कलेक्टर डॉ. सोनवणे

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने बुधवार को प्रभातपट्टन विकासखंड के विभिन्न ग्रामों के भ्रमण के दौरान सुप्रसिद्ध सालबर्डी धाम पहुंचकर गुफा मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने मंदिर के पुजारी से सालबर्डी धाम की धार्मिक मान्यताओं, इतिहास एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी प्राप्त की। इसके पश्चात गुफा स्थित माता मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने पंचायत, राजस्व एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को सालबर्डी धाम का विस्तृत सर्वे एवं ट्रैकिंग कर इसे प्राकृतिक एवं धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर आवागमन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित करने पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर तहसीलदार श्री यशवंत गिन्नारे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

पांडव कचहरी गुफा का भी किया अवलोकन

कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने सालबर्डी स्थित ऐतिहासिक पांडव कचहरी गुफा का भी अवलोकन किया और परिसर के संरक्षण एवं नियमित रखरखाव के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उल्लेखनीय है कि पांडव कचहरी (शिव मंदिर) का निर्माण लगभग 13वीं-14वीं शताब्दी ईस्वी का माना जाता है। स्थानीय लोग इसे पांडवों की कचहरी, जबकि जनजातीय समाज गोंड राजा की कचहरी के नाम से भी जानता है। मंदिर की स्थापत्य शैली में वर्गाकार गर्भगृह तथा स्तंभों पर आधारित मंडप निर्मित है। गर्भगृह का प्रवेश द्वार कलात्मक रूप से अलंकृत है, जिसके ललाट बिंब पर भगवान गणेश का अंकन किया गया है। यह प्राचीन मंदिर मध्य प्रदेश पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित स्मारक है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मुलताई श्री राजीव कहार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

अवैध शराब की समस्या पर सख्त कार्यवाही के दिए निर्देश

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने बुधवार को जनपद पंचायत प्रभातपट्टन की दूरस्थ ग्राम पंचायत सालबर्डी पहुंचकर पंचायत भवन में ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को विभिन्न समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

ग्रामीणों द्वारा नल-जल योजना की पाइपलाइन में लीकेज की समस्या बताए जाने पर कलेक्टर डॉ सोनवणे ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तत्काल मरम्मत कर पेयजल व्यवस्था सुचारु करने के निर्देश दिए। स्कूल के समीप संचालित शराब दुकान को शीघ्र हटाने के लिए एसडीएम को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण कराने के भी निर्देश दिए। अवैध शराब बिक्री की शिकायत पर राजस्व, पुलिस एवं आबकारी विभाग को संयुक्त रूप से सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा।

ग्राम में नाली निर्माण कार्य की खराब गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने सरपंच एवं सचिव को नोटिस जारी करने के निर्देश जिला पंचायत को दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप ही किए जाएं। स्कूल भवन निर्माण कार्य को गति देने के लिए पंचायत के इंजीनियर को आवश्यक निर्देश दिए गए।

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने पंचायत क्षेत्र के सभी पांच स्कूलों में रनिंग वाटर की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए शौचालयों को क्रियाशील रखने तथा विद्यार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने राशन वितरण, आंगनवाड़ी सेवाओं और स्कूलों में संचालित शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की भी जानकारी ली।

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने कहा कि सालबर्डी प्राकृतिक एवं धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। इसे धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए समग्र कार्ययोजना तैयार की जाए। ग्रामीणों की मांग पर ग्राम में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट एवं शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। मिडिल स्कूल की जर्जर छत की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश पंचायत सचिव को दिए। वहीं बुजुर्ग सोमती सुखराम की पेंशन बंद होने की शिकायत पर तहसीलदार को आधार कार्ड बनवाकर तत्काल पेंशन प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।

ग्राम में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नियमित साफ-सफाई, प्रमुख स्थानों पर डस्टबिन रखने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर एसडीएम श्री राजीव कहार, तहसीलदार श्री यशवंत गिन्नारे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-

देशदुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com सेआज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button