Betul Murder Case: शराब के पैसों के विवाद में बेटे ने ली पिता की जान, हादसा बताकर गुमराह करने की कोशिश
Betul Murder Case: Son kills father over liquor money dispute, attempts to mislead by calling it an accident

Betul Murder Case: बैतूल जिले के ग्राम चूना लोमा में शराब पीने के लिए पैसों को लेकर हुए विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। गुस्से में बेटे ने अपने ही पिता की पत्थर मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने इसे हादसा बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कोतवाली पुलिस ने सूझबूझ से जांच करते हुए 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
बैतूल पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन में जिले में गंभीर अपराधों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी और एसडीओपी बैतूल सुनील लाटा के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली और चौकी खेड़ी पुलिस ने इस हत्या के मामले का तेजी से खुलासा किया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर
9 मई 2026 को चौकी खेड़ी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम चूना लोमा में एक बुजुर्ग व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना के बाद थाना कोतवाली और चौकी खेड़ी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
मृतक की बहन ने दर्ज कराई रिपोर्ट
मामले में फुंदिया पति दल्ले धुर्वे, उम्र 60 वर्ष, निवासी चुनालोमा ने पुलिस को बताया कि वह 8 मई को एक शादी समारोह में चिल्लौर मोहदा गई हुई थी। अगले दिन सुबह उसके नाती सुनील ने घटना की जानकारी दी। घर पहुंचने पर उसने देखा कि उसका भाई सद्दू उइके खटिया पर मृत पड़ा हुआ था।
मृतक के दोनों कानों के पीछे और आंख के ऊपर गंभीर चोट के निशान थे। घर के बाहर खून फैला हुआ था और वहां खून से सना पत्थर तथा लकड़ी भी पड़ी मिली। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पहले हादसा बताने की कोशिश
जांच के दौरान मृतक के बेटे अनिल उइके ने पुलिस को बताया कि उसके पिता शराब के नशे में पत्थर पर गिर गए थे, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस को घटनास्थल और परिस्थितियों पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
- यह भी पढ़ें : DA Hike 2026: कर्मचारियों के लिए खुशखबरी! इस महीने बढ़ सकता है डीए, सैलरी में होगा इजाफा
शराब के पैसों को लेकर हुआ विवाद
पूछताछ में आरोपी अनिल उइके, उम्र 32 वर्ष, निवासी पोहा ढाना चुनालोमा ने बताया कि 8 मई की रात करीब 9 बजे उसका पिता शराब पीने के लिए बार-बार पैसों की मांग कर रहा था। उसने दो बार पैसे दिए, लेकिन तीसरी बार मना करने पर दोनों के बीच विवाद और झूमाझटकी हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने पत्थर उठाकर पिता के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी को भेजा गया जेल
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पत्थर और आरोपी द्वारा छिपाकर रखे गए खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल बैतूल भेज दिया गया।
- यह भी पढ़ें : Girl Blackmail Case: प्यार के जाल में फंसाकर बनाए वीडियो, छात्रा से मांगे 1 लाख रुपये, नहीं दिए तो कर दिए वायरल
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उप निरीक्षक राकेश सरयाम, प्रधान आरक्षक अजय, आरक्षक ओमकार और आरक्षक संदीप यादव की भूमिका महत्वपूर्ण रही। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



