Betul Murder Case: बैतूल में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा: 7 नाबालिग गिरफ्तार, मां से बातचीत बना हत्या का कारण
Betul Murder Case: Sensational murder case revealed in Betul: 7 minors arrested, conversation with mother became the reason for murder

Betul Murder Case: बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए पूरे मामले की परतें खोल दी हैं। मामूली विवाद से शुरू हुआ मामला इतना बढ़ा कि सात नाबालिगों ने मिलकर एक व्यक्ति की जान ले ली। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सघन जांच के आधार पर सभी आरोपियों को पकड़ लिया है।
धारदार हथियार से पहुंचाई गंभीर चोटें
घटना 21 अप्रैल 2026 की है, जब ग्राम धमोरी निवासी कमलेश सोभनाते ने पुलिस को सूचना दी कि उनके भाई उमेश सोभनाते उर्फ गोलू, उम्र लगभग 40 वर्ष, की हत्या कर दी गई है। उन्होंने बताया कि सावंगी रोड पर उनके भाई के साथ मारपीट की गई और धारदार हथियार से गंभीर चोटें पहुंचाई गईं, जिससे उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही आठनेर थाना प्रभारी ने घटनास्थल को सुरक्षित कराया और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर तत्काल जांच शुरू की गई।

घटनास्थल पर शुरू की गई जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, एसडीओपी भैंसदेही भूपेंद्र सिंह मौर्य और सीन ऑफ क्राइम टीम के प्रभारी निरीक्षक आबिद अंसारी ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए और फोटोग्राफी कराई गई।
मृतक का पोस्टमार्टम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आठनेर में कराया गया। रिपोर्ट में डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि मौत हत्या के कारण हुई है। मृतक के पेट और गले पर धारदार हथियार से कई गहरे वार किए गए थे, वहीं शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान मिले।
मृतक की पत्नी और बेटी के लिए बयान
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान मृतक की पत्नी अनिता और बेटी पूजा के बयान लिए गए। साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 82/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बनी विशेष टीम
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के निर्देशन में थाना प्रभारी आठनेर निरीक्षक विजय सिंह ठाकुर के नेतृत्व में टीम ने लगातार दबिश दी।
तकनीकी साक्ष्यों जैसे सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 22 अप्रैल 2026 को सभी सात नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया।
हत्या के पीछे सामने आई यह वजह
जांच में सामने आया कि इस घटना के दो मुख्य आरोपी सगे भाई हैं। मृतक उमेश का उनके घर आना-जाना था और वह उनकी मां से बातचीत करता था। इस बात को लेकर दोनों भाई नाराज थे और उन्होंने पहले भी मृतक को समझाने की कोशिश की थी कि वह उनके घर न आए।
बताया गया कि घटना वाले दिन मुख्य आरोपी ने उमेश को घर से बुलाया और सावंगी रोड पर ले गया, जहां पहले से अन्य पांच नाबालिग मौजूद थे। वहां फिर से विवाद हुआ, जिसमें मृतक द्वारा मुख्य आरोपी को थप्पड़ मारने और गाली देने की बात सामने आई।
चाकू से उसके पेट और गले पर कई वार
इससे गुस्साए मुख्य आरोपी ने चाकू से उसके पेट और गले पर कई वार किए, जबकि अन्य साथियों ने लाठी-डंडों से हमला किया। गंभीर रूप से घायल उमेश को वहीं छोड़कर सभी आरोपी फरार हो गए, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया एक चाकू और एक मोटरसाइकिल हीरो होंडा क्रमांक MP 48 ZH 4931 जब्त की है।
- यह भी पढ़ें : Betul Crime News: पेरोल पर छूटते ही हो गया था फरार, 10 साल बाद हत्या का दोषी गिरफ्तार, औरंगाबाद से दबोचा
इस टीम ने सुलझाया पूरा मामला
इस पूरे मामले को सुलझाने में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ठाकुर, निरीक्षक आबिद अंसारी, उप निरीक्षक मांगीलाल ठाकरे, सहायक उप निरीक्षक दिनेश धुर्वे, आरक्षक निर्मल सिंह पवार, सुभाष माकोड़े, बीरबल मीना, विप्लव, दिनेश उईके, रामकुमार मरकाम और राजेंद्र धाड़से सहित साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- हमारे यूट्यूब चैनल पर खबरें देखने के लिए : यहां क्लिक करें
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश–दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com



