M3M Hurun India Rich List 2025: भारत के अरबपतियों की सूची हर साल लोगों के बीच चर्चा का विषय बनती है। इस बार भी M3M हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 जारी की गई है, जिसमें कई बड़े नाम शामिल हुए हैं। हमेशा की तरह इस सूची में देश के उद्योगपति मुकेश अंबानी और गौतम अडानी शीर्ष स्थानों पर हैं। लेकिन, इस बार बॉलीवुड जगत से भी एक बड़ी एंट्री हुई है। सुपरस्टार शाहरुख खान पहली बार अरबपति क्लब (Billionaire Club) में शामिल हो गए हैं।
मुकेश अंबानी का बना रहा दबदबा
हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 के अनुसार रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) के चेयरमैन मुकेश अंबानी देश के सबसे अमीर व्यक्ति बने हैं। उनकी कुल संपत्ति 9.55 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। कई वर्षों से अंबानी इस सूची में शीर्ष स्थान बनाए हुए हैं और इस बार भी उनका दबदबा बरकरार है।
गौतम अडानी दूसरे स्थान पर
मुकेश अंबानी के बाद दूसरे नंबर पर अडानी ग्रुप (Adani Group) के चेयरमैन गौतम अडानी का नाम दर्ज है। अडानी की कुल संपत्ति 8.15 लाख करोड़ रुपये बताई गई है। पिछले कुछ वर्षों में उनके कारोबारी साम्राज्य ने तेजी से विस्तार किया है, और यही कारण है कि वे लगातार शीर्ष अरबपतियों में गिने जाते हैं।

शाहरुख खान की हुई एंट्री
इस बार की सूची में सबसे खास नाम शाहरुख खान का रहा है। उन्हें पहली बार अरबपति क्लब में शामिल किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक शाहरुख की कुल संपत्ति 12,490 करोड़ रुपये है। वे इस उपलब्धि के साथ बॉलीवुड (Bollywood) के सबसे अमीर अभिनेता बन गए हैं।
रेड चिलीज एंटरटेनमेंट का योगदान
शाहरुख खान की संपत्ति का बड़ा हिस्सा उनकी प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट (Red Chillies Entertainment) से आता है। साल 2002 में स्थापित इस कंपनी ने अब तक कई हिट फिल्में दी हैं और इसके साथ ही फिल्म निर्माण के अलावा विजुअल इफेक्ट्स (VFX) के क्षेत्र में भी बड़ी पहचान बनाई है। इस कंपनी में लगभग 500 लोग काम कर रहे हैं।

बॉलीवुड के यह सितारे भी शामिल
हुरुन रिपोर्ट में बताया गया है कि शाहरुख संपत्ति के मामले में अब जूही चावला और ऋतिक रोशन से आगे निकल गए हैं। जूही चावला की संपत्ति 7790 करोड़ रुपये और ऋतिक रोशन की संपत्ति 2160 करोड़ रुपये बताई गई है।
रोशनी नादार भारत की सबसे अमीर महिला
अरबपतियों की इस सूची में महिलाओं का भी खास स्थान है। एचसीएल टेक्नोलॉजीज (HCL Technologies) की चेयरपर्सन रोशनी नादार मल्होत्रा भारत की सबसे अमीर महिला घोषित की गई हैं। रोशनी इस सूची में तीसरे पायदान पर हैं और उनकी कुल संपत्ति 2.84 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है।
रोशनी नादार को यह स्थान इसलिए मिला क्योंकि उनके पिता और एचसीएल ग्रुप (HCL Group) के संस्थापक शिव नादार ने अपनी हिस्सेदारी का बड़ा हिस्सा उन्हें ट्रांसफर कर दिया। शिव नादार ने वामा सुंदरी इन्वेस्टमेंट्स और एचसीएल कॉर्प (HCL Corp) में अपनी 47 फीसदी हिस्सेदारी अपनी बेटी को सौंप दी। यही कारण है कि उनकी संपत्ति में अचानक बड़ी बढ़त देखने को मिली।

- यह भी पढ़ें : AI Washing Machine: मार्केट में आई AI वॉशिंग मशीन, कपड़े होंगे और साफ, जानें कीमत व फीचर्स
अरबपतियों की लगातार बढ़ती संख्या
भारत में अरबपतियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। 13 साल पहले जब यह सूची शुरू की गई थी, तब अरबपतियों की संख्या काफी कम थी। लेकिन अब देश में 350 से ज्यादा लोग अरबपति बन चुके हैं। यह संख्या पहले की तुलना में लगभग 6 गुना ज्यादा है।
भारत के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) की तुलना में देखें तो इन अरबपतियों की कुल संपत्ति करीब 167 लाख करोड़ रुपये है, जो कि देश की जीडीपी का लगभग आधा हिस्सा है। यह आंकड़ा बताता है कि भारत में उद्योग जगत और कारोबारियों की ताकत कितनी तेजी से बढ़ रही है।
युवा अरबपतियों की जोरदार एंट्री
हुरुन रिच लिस्ट 2025 में युवाओं की एंट्री भी खास रही। 31 साल के अरविंद श्रीनिवास, जिन्होंने पेरप्लेक्सिटी (Perplexity) कंपनी की स्थापना की है, देश के सबसे युवा अरबपति घोषित किए गए हैं। उनकी कुल संपत्ति 21190 करोड़ रुपये बताई गई है।
नीरज बजाज की बड़ी बढ़त
संपत्ति में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी के मामले में नीरज बजाज का नाम सामने आया है। इस साल उनकी संपत्ति में 69875 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ, जिससे उनकी कुल संपत्ति 2.33 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इस बढ़त के साथ बजाज परिवार ने सबसे बड़ी संपत्ति वृद्धि दर्ज की है।
सोशल मीडिया पर बैतूल अपडेट की खबरें पाने के लिए फॉलो करें-
- वाट्सअप चैनल पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक ग्रुप पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- फेसबुक पेज पर खबरें पाने के लिए : यहां क्लिक करें
- एक्स पर खबरें पाने के लिए: यहां क्लिक करें
देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें| Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com
