खेती किसानी

Krishi Yantra 2025: किसानों के लिए खुशखबरी, आ गया बैटरी से चलने वाला स्प्रेयर और पौधे रोपने वाली मशीन

Krishi Yantra 2025: नए-नए कृषि यंत्रों के जरिए खेती-किसानी को आसान बनाने के प्रयास लगातार जारी है। इसी कड़ी में किसान भाइयों के लिए 2 नए यंत्र आ गए हैं। इनमें एक है बैटरी से चलने वाली स्प्रेयर मशीन और दूसरी है सब्जियों के पौधे रोपने वाली मशीन। इनसे कम समय में और ज्यादा बेहतर तरीके से काम हो सकेगा।

इन कृषि यंत्रों के बारे में केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल स्थित आईसीएआर- केंद्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में जानकारी प्रदान की। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आईसीएआर- केंद्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान को बधाई देते हुए कहा कि, संस्थान द्वारा बनाए गए नए कृषि उपकरण किसानों के लिए लाभकारी है।

बैटरी से चलने वाली स्प्रेयर मशीन

उन्होंने कहा कि बैटरी से चलने वाली नई स्प्रेयर मशीन किसानों के लिए बहुत उपयोगी है। यह मशीन आसानी से कंधे पर लटकाकर उपयोग की जा सकती है। दवा या अन्य किसी भी चीज का स्प्रे करना अब और आसान हो गया है। संस्थान ने बहुत अच्छी मशीन बनाई है, इसके लिए उन्हें बधाई देता हूं।

Krishi Yantra 2025: किसानों के लिए खुशखबरी, आ गया बैटरी से चलने वाला स्प्रेयर और पौधे रोपने वाली मशीन

सब्जियों की रोपाई के लिए मशीन

वहीं उन्होंने कहा कि, सब्जियों की रोपाई के लिए भी संस्थान ने एक विशेष यंत्र तैयार किया है। अब टमाटर, बैंगन, मिर्च जैसे पौधों की रोपाई मशीन से की जा सकेगी। इन्हें हाथ से लगाने में समय लगता है और पौधे कभी गहराई में कम या ज्यादा लग जाते हैं।

इस यंत्र से एक मिनट में 12-15 पौधे लगाए जा सकते हैं और पौधा ठीक उतनी ही गहराई में जाएगा जितनी आवश्यकता है। शिवराज सिंह ने कहा कि, ऐसे उपकरण खेती को अधिक आसान और समय बचाने वाला बनाएंगे, जिससे किसानों की उत्पादकता बढ़ेगी।

इंटीग्रेटेड फार्मिंग की ओर बढ़ना होगा

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, अब केवल फसल से काम नहीं चलेगा, किसानों को सब्जी, भाजी और फलों की अच्छी उत्पादन तकनीक अपनानी होगी। उन्होंने कहा कि, खेती के साथ अन्य आय के साधनों को जोड़कर ही किसान अपनी आमदनी को दोगुना कर सकते हैं।

Krishi Yantra 2025: किसानों के लिए खुशखबरी, आ गया बैटरी से चलने वाला स्प्रेयर और पौधे रोपने वाली मशीन

इन व्यवसायों से बढ़ाए अपनी आमदनी

शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से संवाद के दौरान कहा, मैं यहीं नहीं रुकूंगा। खेती के साथ दूसरा काम-धंधा चालू करवाना है। मैं, इसे इंटीग्रेटेड फार्मिंग नाम दे रहा हूं, जिसमें खेती के साथ पशुपालन, मधुमक्खी पालन, बकरी पालन, मुर्गी पालन और मछली पालन जैसे कम से कम एक धंधे को और जोड़ा जाए। इससे हम आसानी से अपनी आमदनी बढ़ा पाएंगे।

जीएसटी सुधार का लाभ किसानों को मिलेगा

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि लागू किए गए जीएसटी सुधारों से आमजन और किसान दोनों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि, रोजमर्रा की जरूरत की अत्यंत आवश्यक चीजों पर अब जीएसटी शून्य प्रतिशत कर दिया गया है, जबकि खेती-बाड़ी से जुड़ी वस्तुओं पर 18 और 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है।

ट्रैक्टर पर अब 43 हजार रुपये की बचत

उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि, 35 हॉर्स पावर के ट्रैक्टर पर अब किसानों को 43 हजार रुपये की बचत होगी। उन्होंने कहा, जनता प्रसन्न है, यह बहुत बड़ा तोहफा प्रधानमंत्री जी ने दिया है। सभी को बधाई और शुभकामनाएं। केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि, जीएसटी सुधारों के लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए बचत सप्ताह मनाया जाएगा।

जनता के बीच जाएंगे 2 संदेश लेकर

इसके तहत कार्यकर्ता, व्यापारिक संगठन और सामाजिक संगठन जनता के बीच दो संदेश लेकर जाएंगे। पहला, जीएसटी से होने वाला लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचे। दूसरा, स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा, जनता वही चीज़ खरीदे जो अपने देश में बनी हो, जिसमें अपने लोगों का पसीना बहा हो और जिसकी आमदनी हमारे लोगों को मिले। इससे रोज़गार के अवसर बढ़ेंगे और देश की अर्थव्यवस्था मज़बूत होगी।

इन योजनाओं से जीवन हुआ आसान

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि एक ऐसा शासनकाल भी था जब महंगाई की मार ने जनता की कमर तोड़ दी थी। लोग भूले नहीं हैं कि, महंगाई की दरें क्या होती थी। आज एक तरफ महंगाई से राहत है, तो दूसरी तरफ करों में राहत है और तीसरी तरफ नि:शुल्क राशन, किसान सम्मान निधि, लखपति दीदी, स्ट्रीट वेंडर योजना और आयुष्मान भारत जैसी सुविधाओं से जनता की जिंदगी आसान हुई है।

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button