बड़ी खबरें

Free Gas Connection: नवरात्रि पर बड़ा तोहफा, महिलाओं को फ्री मिलेंगे गैस कनेक्शन, यहां जानें पात्रता और प्रक्रिया

Free Gas Connection: त्योहारी सीजन आते ही महिलाओं को सौगातें मिलना शुरू हो गई हैं। एक ओर मध्यप्रदेश में लाड़ली बहनों की राशि बढ़ने वाली है तो वहीं केंद्र सरकार ने देश भर की महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है। केंद्र सरकार ने देश भर की 25 लाख महिलाओं को फ्री गैस कनेक्शन देने का ऐलान किया है।

यह गैस कनेक्शन प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत दिए जाएंगे। इसके लिए सरकार ने योजना में 25 लाख अतिरिक्त एलपीजी कनेक्शन दिए जाने का फैसला लिया है। इस फैसले के बाद देशभर में उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों की संख्या 10.58 करोड़ तक पहुंच जाएगी।

खर्च किए जाएंगे 676 करोड़ रुपये

सरकार ने इन 25 लाख नए कनेक्शनों के लिए कुल 676 करोड़ रुपये खर्च करने का निर्णय लिया है। इसमें 512.5 करोड़ रुपये कनेक्शन देने पर, 160 करोड़ रुपये सब्सिडी पर और करीब 3.5 करोड़ रुपये प्रशासनिक और प्रबंधन कार्यों पर खर्च होंगे। प्रत्येक परिवार को 2050 रुपये की जमा-मुक्त सुविधा दी जाएगी।

Free Gas Connection: नवरात्रि पर बड़ा तोहफा, महिलाओं को फ्री मिलेंगे गैस कनेक्शन, यहां जानें पात्रता और प्रक्रिया

क्या मिलता है उज्ज्वला योजना में

योजना के तहत महिलाओं को बिना किसी जमा राशि के कनेक्शन मिलता है। इसमें सिलेंडर, प्रेशर रेगुलेटर, सुरक्षा नली, उपभोक्ता कार्ड और इंस्टॉलेशन की फीस शामिल होती है। इतना ही नहीं, पहला रिफिल और चूल्हा भी मुफ्त में मिलता है। यानी लाभार्थियों को शुरुआती खर्च की कोई चिंता नहीं रहती। लाभार्थी चाहे तो 14.2 किलो का सिलेंडर चुन सकती हैं या फिर 5 किलो का सिंगल या डबल बॉटल कनेक्शन ले सकती हैं।

योजना में कौन कर सकती हैं आवेदन

योजना का लाभ उठाने के लिए गरीब परिवार की कोई भी वयस्क महिला आवेदन कर सकती है। जरूरी यह है कि उस परिवार में पहले से कोई एलपीजी कनेक्शन न हो। आवेदन प्रक्रिया काफी आसान है। महिला आवेदन पत्र भरकर नजदीकी वितरक को दे सकती है या फिर ऑनलाइन http://www.pmuy.gov.in पर आवेदन कर सकती है।

Free Gas Connection: नवरात्रि पर बड़ा तोहफा, महिलाओं को फ्री मिलेंगे गैस कनेक्शन, यहां जानें पात्रता और प्रक्रिया

सत्यापन के बाद मिलता है कनेक्शन

एक बार आवेदन होने के बाद डिजिटल जांच होती है और फिर अधिकारी घर जाकर सत्यापन करते हैं। सब ठीक मिलने पर कनेक्शन सीधे आवेदक के घर पर लगा दिया जाता है। पहले से लंबित आवेदन करने वालों को अब ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

नवरात्रि पर महिलाओं के लिए तोहफा

सरकार ने इस निर्णय को नवरात्रि जैसे पावन पर्व से जोड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के माध्यम से माताओं और बहनों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उज्ज्वला योजना से जुड़े ये नए कनेक्शन महिलाओं के जीवन को आसान बनाएंगे और उनके सशक्तिकरण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेंगे।

लगातार काम कर रही उज्ज्वला योजना

पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि रसोई घरों में बदलाव लाने और महिलाओं को सुविधा देने के लिए उज्ज्वला योजना लगातार काम कर रही है। उनके अनुसार, यह केवल एक योजना नहीं बल्कि महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा देने की दिशा में बड़ा प्रयास है।

वर्ष 2016 में शुरू हुई थी योजना

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना मई 2016 में शुरू की गई थी। उस समय 8 करोड़ कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया था, जिसे 2019 तक पूरा कर लिया गया। इसके बाद अगस्त 2021 में उज्ज्वला 2.0 की शुरुआत हुई, जिसका लक्ष्य 1 करोड़ और कनेक्शन देना था।

धीरे-धीरे इसका दायरा बढ़ता गया और सरकार ने कई बार अतिरिक्त कनेक्शनों की मंजूरी दी। जुलाई 2025 तक देश में 10.33 करोड़ से अधिक कनेक्शन दिए जा चुके थे। अब 25 लाख और कनेक्शन जुड़ने के बाद यह संख्या और बढ़ जाएगी।

महिलाओं के जीवन में यह बदलाव

इस योजना ने ग्रामीण महिलाओं की जिंदगी बदल दी है। पहले लकड़ी या कोयले से खाना बनाने के कारण उन्हें धुएं से आंखों और सांस की बीमारियों का खतरा रहता था। एलपीजी से न केवल उनका स्वास्थ्य सुरक्षित हुआ है बल्कि समय की भी बचत हो रही है। अब महिलाएं रसोई में घंटों लकड़ी जलाने में समय नहीं गंवातीं। बच्चों की पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे सकती हैं और परिवार को भी ज्यादा समय देती हैं।

रिफिलिंग पर भी मिलती है सब्सिडी

सरकार ने उज्ज्वला योजना के तहत कनेक्शन देने के साथ-साथ रिफिल पर भी सब्सिडी की व्यवस्था की है। हर परिवार को एक वर्ष में अधिकतम 9 सिलेंडर पर 300 रुपये प्रति सिलेंडर की छूट मिलेगी। 5 किलो सिलेंडर लेने वालों को भी उसी हिसाब से लाभ दिया जाएगा।

कैसे प्राप्त करें योजना की जानकारी

लाभार्थियों को अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक पोर्टल http://www.pmuy.gov.in पर जाने या नजदीकी वितरक से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

देश-दुनिया की ताजा खबरें (Hindi News Madhyapradesh) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.com

उत्तम मालवीय

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button