यूक्रेन से वापस लौटे छात्र से मिले भाजपा जिला अध्यक्ष और पूर्व सांसद

बैतूल। युद्धग्रस्त यूक्रेन से सकुशल वापस लौटे बैतूल के छात्र एवं उनके परिजनों से भाजपा नेता एवं पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला ने पटेल वार्ड स्थित निवास पर मुलाकात की। मुलाकात के दौरान अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी अबिजर हुसैन, गंज मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा, पूर्व पार्षद पवन यादव, आशीष पंवार भी मौजूद थे।
बैतूल के पटेल वार्ड निवासी रामअवतार त्यागी का पुत्र योगेश त्यागी यूक्रेन के उज्होरो शहर में मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था। योगेश फ्लाइट से दिल्ली पहुंचा और वहां से बुधवार को बैतूल सकुशल पहुंच गया। भाजपा नेताओं ने सकुशल वापसी पर योगेश और उसके परिजनों को बधाई दी। इस अवसर पर योगेश ने कुशलतापूर्वक भारत वापसी के लिए भारत सरकार और विशेष तौर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
योगेश का कहना है कि संकट के समय इंडियन एंबेसी वहां रह रहे छात्रों के संपर्क में है। उसने भाजपा नेताओं को बताया कि वो भी इंडियन एंबेसी के सहयोग से ही भारत लौटा है। योगेश का कहना है कि जिस तरह भारत सरकार यूक्रेन में रह रहे भारतीयों को भारत वापस लाने का प्रयास कर रही है, वो प्रशंसनीय है। योगेश त्यागी ने बताया कि वहां रह रहे भारतीयों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारत सरकार पर पूरा भरोसा है।



