आपदा : लगातार बारिश से भरभरा कर ढहा कच्चा घर, मकान मालिक सहित 11 बकरियों की मौत, महिला और बच्चा हुआ घायल
• विजय सावरकर, मुलताई
बैतूल जिले के प्रभातपट्टन ब्लाक के ग्राम मंगोनाकला में बीते कई दिनों से लगातार बारिश जारी है। इस एक ग्रामीण का पुराना कच्चा मकान ढह गया। घटना में मलबे में दबने से मकान स्वामी की मौत हो गई। एक महिला और बच्चा घायल हो गया। मकान में बंधी 11 बकरियों की भी मलबे में दबने से मौत हो गई।
ग्रामीण धनराज मर्सकोले 45 साल का ग्राम मंगोनाकला में पुराना कच्चा मकान था। जिसमें वह परिवार सहित निवास करता था। बीते एक माह से जारी बारिश से मकान की एक दीवार जर्जर हो गई थी। शनिवार रात 3 बजे के दरमियान यह दीवार भरभरा कर जमींदोज हो गई और पूरा मकान भी ढह गया। मकान के मलबे की चपेट में आने से धनराज की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पत्नी और बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर पहुंचे जनपद सदस्य नामदेव हरसुले ने बताया मकान ढहने से मकान में बंधी 11 बकरियां भी मलबे के चपेट में आने से मौत के मुंह में समा गई। श्री हरसुले ने बताया दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना पर प्रभातपट्टन सहायता केंद्र से उप निरीक्षक उत्तम मस्तकार भी मौके पर पहुंच गए थे।
• यह खबर आपने पढ़ी लोकप्रिय समाचार वेबसाइट http://betulupdate.com पर…



