Train me suicide : पेंचवेली एक्सप्रेस के शौचालय का घंटों से नहीं खुला था गेट, तोड़ा तो अंदर फांसी पर लटका था युवक का शव, मृतक की शिनाख्त नहीं

बैतूल। इंदौर से छिंदवाड़ा जा रही पेंचवेली एक्सप्रेस में एक युवक द्वारा आत्महत्या का मामला सामने आया है। युवक ने ट्रेन के शौचालय में गमछे से फांसी लगाई है। मृतक अज्ञात है। उसके बारे में कोई जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। शव को बैतूल स्टेशन पर उतार कर जिला अस्पताल भेजा गया है। जीआरपी द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक पेंचवेली एक्सप्रेस के इंजन से तीसरे नंबर के जनरल डिब्बे में एक अज्ञात व्यक्ति ने बीती रात खुदकुशी कर ली। युवक ने अपने गमछे से ट्रेन के शौचालय के अंदर फंदा बांधकर खुद की जान ले ली। इस संबंध में किसी यात्री द्वारा जीआरपी को सूचना दी गई कि ट्रेन के डिब्बे के शौचालय का काफी देर से गेट नहीं खोला जा रहा है।
ट्रेन के बैतूल आने पर आरपीएफ और जीआरपी मौके पर पहुँची। ट्रेन के दरवाजे को तोड़ा गया। भीतर युवक की लाश फांसी पर लटकी पाई गई। शुरुआती जाँच में मृतक के पास से कुछ भी नहीं मिला है। इससे यह भी ज्ञात नहीं हो पाया है कि वह कहां से ट्रेन में बैठा है और कहां जा रहा था। युवक की बॉडी को देखकर 4-5 घंटा पुराना मामला बताया जा रहा है। फिलहाल शव को जिला अस्पताल में रखवा दिया गया है। उसकी शिनाख्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें… 23 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों से पीया जहर, 100 डायल ने पहुंचाया अस्पताल



