great achievement : बैतूल की शेफाली की बड़ी उपलब्धि : फॉरेंसिक साइंस मास्टर एंट्रेंस एग्जाम में आल इण्डिया में पाई 17 वीं रैंक
• उत्तम मालवीय, बैतूल
बैतूल जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं हैं। यह प्रतिभाएं समय-समय पर बड़ी-बड़ी उपलब्धियां हासिल कर जिले को गौरवान्वित करती रहती हैं। इसी श्रृंखला में अब एक और नाम जुड़ गया है। शहर की एक प्रतिभावान छात्रा ने नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी (National Forensic Science University) द्वारा आयोजित मास्टर एंट्रेंस एग्जाम (master entrance exam) में देश भर में 17वीं रैंक हासिल कर ना केवल जिले का, बल्कि प्रदेश का नाम भी गौरवान्वित किया है।
जाकिर हुसैन वार्ड बैतूल निवासी शेफाली कटारे नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित मास्टर एंट्रेंस एग्जाम में शामिल हुई थीं। इस प्रवेश परीक्षा में देश भर से 33000 से अधिक फॉरेंसिक साइंस ग्रेजुएट्स ने भाग लिया था। आज जब इसके नतीजे घोषित हुए तो शेफाली ने ऑल ओवर इंडिया में 17वीं रैंक हासिल की है।
यह भी पढ़ें… प्रतिभा: छोटे से ढाने में जन्मी और पढ़ी, चुनालोहमा में ब्याही और अब पाई यह बड़ी कामयाबी
इस परीक्षा में शेफाली कटारे ने 98.5% अंक प्राप्त किए हैं। यह परीक्षा फोरेंसिक साइंस के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए होती है। बताया जाता है कि इसके विश्वविद्यालय सीधे केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन आते हैं। इसका देशभर में सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालय नेशनल फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी गांधीनगर (गुजरात) है। इतनी अच्छी रैंक आने पर शेफाली का इस यूनिवर्सिटी में प्रवेश के लिए पहली सूची में ही नाम आने की पूरी संभावना है।
बैतूल से की प्रारंभिक शिक्षा
शेफाली कटारे ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बैतूल से ही की है। कक्षा दसवीं की परीक्षा बैतूल के आरडी पालिक स्कूल से उत्तीर्ण की। वहीं कक्षा 12वीं तक पढ़ाई इंदौर से की। इसके बाद फोरेंसिक साइंस में स्नातक की पढ़ाई डॉ. हरिसिंह गौर यूनिवर्सिटी सागर से और फिर इंटर्नशिप दिल्ली से की।
यह भी पढ़ें… talent : घोड़ाडोंगरी की सुरुचि दुबई में सोशल मीडिया मार्केटिंग मैनेजर के रूप में दिखाएगी अपनी प्रतिभा
सफलता पर बधाइयों का तांता
होनहार छात्रा शेफाली, श्रीमती मंजुला कटारे एवं बैतूल रेलवे स्टेशन में पदस्थ चीफ ट्रैफिक इंस्पेक्टर अशोक कटारे की सुपुत्री हैं। इस सफलता पर सभी इष्ट मित्रों एवं परिवारिक सदस्यों द्वारा शेफाली को बधाई दी गई है। साथ ही उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई है। श्री कटारे को भी बेटी की इस उपलब्धि पर बधाइयों का तांता लगा है।
यह भी पढ़ें… बड़ी उपलब्धि: आठनेर की बेटी शीतल बनी इसरो में वैज्ञानिक



