शाहपुर उप मंडी में खरीदी शुरू, पहले दिन ही 531 क्विंटल आवक

  • उत्तम मालवीय (9425003881)
    बैतूल।
    कृषि उपज मंडी बैतूल की उप मंडी शाहपुर में भी आज से खरीदी शुरू कर दी गई है। इससे किसानों को खासी सहूलियत हो गई है और उन्हें अपनी उपज बेचने बैतूल-इटारसी जाने को मजबूर नहीं होना पड़ रहा है। शाहपुर उप मंडी में आज पहले दिन ही 531 क्विंटल उपज की आवक हुई और भाव भी अच्छे रहे। अभी सप्ताह में केवल 2 दिन वहाँ खरीदी की जाएगी। जरूरत पड़ने पर दिन बढ़ाए जा सकते हैं।
    मक्का की नई उपज आते ही बैतूल मंडी में आवक बेहद बढ़ गई थी। दूसरी ओर शाहपुर उप मंडी में खरीदी नहीं हो रही थी। इसके चलते शाहपुर-भौंरा क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने बैतूल या फिर इटारसी तक जाकर परेशान होना पड़ रहा था। वहां उन्हें अपनी उपज बेचने दो-दो दिन इंतजार करना पड़ता था। इसके चलते शाहपुर उप मंडी में भी खरीदी शुरू करने की मांग उठ रही थी। शाहपुर के पूर्व उप सरपंच अमित मेहतो भी उप मंडी में खरीदी शुरू करने की मांग उठा चुके थे। इन्हीं सब को देखते हुए बैतूल मंडी सचिव एसके भालेकर ने आज से शाहपुर उप मंडी में सप्ताह में दो दिन (मंगलवार और गुरुवार) खरीदी शुरू करवा दी है। आज बैतूल मंडी से निरीक्षक आरएन इवने और उप निरीक्षक तुलाराम चौकीकर शाहपुर पहुंचे और उन्होंने विधिवत खरीदी शुरू करवाई। इससे किसान भी खुश हो गए और बड़ी मात्रा में अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचे।

    मक्का के 1411 रुपये रहे उच्चतम दाम
    आज खरीदी के पहले दिन शाहपुर उप मंडी में 531 क्विंटल मक्का की आवक हुई। इसके न्यूनतम दाम 1326 रुपये, अधिकतम दाम 14011 रुपये और प्रचलित दाम 1401 रुपये रहे। स्थानीय स्तर पर ही उपज बेचने की सुविधा मिलने पर किसानों ने राहत महसूस की है। इस सम्बंध में बैतूल मंडी सचिव एसके भालेकर ने बताया कि अभी सप्ताह में दो दिन खरीदी करने का निर्णय लिया है। यदि आवक बढ़ती है तो खरीदी का एक दिन और बढ़ाया जा सकता है।

  • Related Articles

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *